बोकारो : बोकारो जिले के चंद्रपुरा प्रखंड अंतर्गत दुग्दा स्थित बीसीसीएल कॉलोनी के एम ब्लॉक में गैस सिलेंडर से आग लगने की घटना सामने आई है। कॉलोनी के क्वार्टर संख्या M-41/1 में गैस लीक होने के कारण अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि क्वार्टर में रखे घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में गृहिणी गणेशमती चौहान घायल हो गईं। वहीं, कूलर, पंखा, वाशिंग मशीन, गीजर, टेलीविजन, वाटर प्यूरीफायर, घर के दरवाजे और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए।
आगजनी की इस घटना में गृहस्वामी जीवन चौहान को लाखों के नुकसान की आशंका है
आगजनी की इस घटना में गृहस्वामी जीवन चौहान को लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है। गृहस्वामी जीवन चौहान ने बताया कि गैस खोलने के दौरान यह हादसा हुआ। हालांकि, किसी तरह जलती हुई गैस को घर से बाहर निकालने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते गैस को बाहर नहीं निकाला जाता तो एम ब्लॉक में बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद परिवार को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। इस हादसे ने घरेलू गैस के इस्तेमाल के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर उजागर किया है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट