पटना सहित 5 जिलों में सघन निरीक्षण एवं छापेमारी, कई औषधियों की बिक्री एवं वितरण पर रोक

राज्य में गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा सघन निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

पटना : राज्य में गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा सघन निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 25 एवं 26 नवंबर को पटना, भागलपुर, मधुबनी, गयाजी एवं समस्तीपुर जिले के विभिन्न दवा प्रतिष्ठानों में निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत पटना के गोविंद मित्रा रोड स्थित सात दवा प्रतिष्ठानों में सघन जांच की गई

अभियान के तहत पटना के गोविंद मित्रा रोड स्थित सात दवा प्रतिष्ठानों में सघन जांच की गई। इस दौरान औषधियों की खरीद, बिक्री एवं भंडारण से संबंधित कई अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण टीम ने एक्सपायरी एवं गलत लेबल वाली औषधियों को जब्त करने के साथ ही कई औषधियों की बिक्री एवं वितरण पर रोक लगाई। वहीं, एक गोदाम की अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उसे सील कर दिया गया।

पटना में केसर वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूटर का गोदाम सील

गोविंद मित्रा रोड स्थित केसर वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूटर में छापेमारी के दौरान अवधि समाप्त हो चुकी सेफिल-सीवी 250 एवं सेफिल-सीवी 500 के तीन अलग-अलग बैच की कुल 11 स्ट्रिप औषधियां प्रपत्र-16 के तहत जब्त की गईं। इसके अतिरिक्त 12 औषधियों के खरीद अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उनकी बिक्री पर रोक लगाई गई। निरीक्षण के दौरान खुदरा एवं थोक बिक्री की औषधियां एक ही परिसर में रखी पाई गईं। परिसर में मिले एक गोदाम की अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उसे सील कर दिया गया। गुणवत्ता परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए चार औषधियों के नमूने भी लिए गए।

गोविंद मित्रा रोड स्थित मां भवानी ड्रग हाउस में निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी एवं गलत लेबल वाली औषधियां पाई गईं

गोविंद मित्रा रोड स्थित मां भवानी ड्रग हाउस में निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी एवं गलत लेबल वाली औषधियां पाई गईं। निरीक्षण टीम द्वारा 19,642.25 रुपए मूल्य की कुल 315 स्ट्रिप औषधियां जब्त की गईं। इसके अतिरिक्त 18 औषधियों के खरीद अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रपत्र-15 जारी करते हुए उनके निपटान पर रोक लगाई गई। गुणवत्ता परीक्षण के लिए दो औषधियों के नमूने लिए गए। इसी प्रकार, आशीर्वाद इंटरप्राइजेज में निरीक्षण के दौरान 13,620 रुपए मूल्य के एक्सपायरी नर्विजेन प्लस इंजेक्शन की 120 यूनिट जब्त की गईं। प्रपत्र-15 के तहत 18 प्रकार की औषधियों की बिक्री पर रोक लगाई गई। इसके अतिरिक्त तीन प्रकार की गैर-अनुमोदित औषधियों की बिक्री एवं वितरण पर भी रोक लगाई गई। गुणवत्ता परीक्षण के लिए दो औषधियों के नमूने लिए गए।

SG इंटरप्राइजेज में निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों को निःशुल्क दिए जाने वाले औषधि नमूने एवं गलत लेबल वाली औषधि पाई गई

एसजी इंटरप्राइजेज में निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों को निःशुल्क दिए जाने वाले औषधि नमूने एवं गलत लेबल वाली औषधि पाई गई। प्रपत्र-16 के तहत 3,090 रुपये मूल्य की दो प्रकार की औषधियों की कुल 13 स्ट्रिप जब्त की गईं। छह औषधियों की बिक्री पर रोक लगाने के साथ ही गुणवत्ता परीक्षण के लिए दो औषधियों के नमूने लिए गए। बरनवाल इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड में निरीक्षण के दौरान खरीद अभिलेख एवं आवश्यक फॉर्म-V प्रस्तुत नहीं किए जाने पर संबंधित औषधियों के निपटान पर रोक लगाई गई। गुणवत्ता परीक्षण के लिए दो औषधियों के नमूने लिए गए।

अरुणोदय पैलेस स्थित सुखी इंटरप्राइजेज में 14 प्रकार की औषधियों के खरीद अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उनकी बिक्री पर रोक लगाई गई

वहीं, अरुणोदय पैलेस स्थित सुखी इंटरप्राइजेज में 14 प्रकार की औषधियों के खरीद अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उनकी बिक्री पर रोक लगाई गई। प्रतिष्ठान की अनुज्ञप्ति रद्द है तथा इससे संबंधित अपीलीय वाद संख्या 03/2026 अपीलीय प्राधिकार के समक्ष लंबित है। गुणवत्ता परीक्षण के लिए एक औषधि का नमूना लिया गया। गोविंद मित्रा रोड स्थित आर.आर.बी. ड्रग एजेंसी में तीन प्रकार की औषधियों के खरीद-बिक्री बिल प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रपत्र-15 जारी कर उनके निपटान पर रोक लगाई गई। बिक्री अभिलेखों, औषधियों के स्टॉक एवं एक्सपायरी औषधियों के रखरखाव में भी अनियमितताएं पाई गईं। गुणवत्ता परीक्षण के लिए तीन औषधियों के नमूने लिए गए।

भागलपुर में 3 दवा प्रतिष्ठानों में निरीक्षण एवं छापेमारी

भागलपुर के गोराडीह स्थित दीपक मेडिकल हॉल में औषधियों की बिक्री के लिए अधिकृत योग्य व्यक्ति अनुपस्थित पाया गया। खरीद-बिक्री के अभिलेखों एवं अनुसूची H1 की पंजी के संधारण में भी अनियमितताएं पाई गईं। दो औषधियों की बिक्री एवं निपटान पर रोक लगाते हुए गुणवत्ता परीक्षण के लिए दो नमूने लिए गए।  सन्हौला स्थित यूनुस मेडिकल एजेंसी में व्यवस्था संतोषजनक पाई गई और गुणवत्ता परीक्षण के लिए दो औषधियों के नमूने लिए गए। वहीं, नाथनगर स्थित शंकर मेडिकल हॉल बिना अनुज्ञप्ति के संचालित पाया गया, जहां छापेमारी की कार्रवाई जारी है।

मधुबनी में बिना अनुज्ञप्ति संचालित प्रतिष्ठान से 1.04 लाख से अधिक मूल्य की औषधियां जब्त

मधुबनी के बुद्ध नगर कॉलोनी स्थित भूषण मेडिकल हॉल में निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान बिना वैध अनुज्ञप्ति के संचालित पाया गया। औषधि निरीक्षण टीम ने बिक्री के लिए रखी गईं कुल 40 प्रकार की औषधियां जब्त कीं, जिनका मूल्य 1,04,704.46 रुपए है। गुणवत्ता परीक्षण के लिए एक औषधि का नमूना भी लिया गया।

समस्तीपुर एवं गयाजी में भी औषधि नियंत्रण विभाग की कार्रवाई

समस्तीपुर के मूलचंद लेन स्थित बाबा इंटरप्राइजेज में निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाई गईं। गुणवत्ता परीक्षण के लिए दो औषधियों के नमूने लिए गए। वहीं, गयाजी स्थित गौरव फार्मा में छापेमारी के दौरान पूर्व में समर्पित की जा चुकी अनुज्ञप्ति के आधार पर दवाओं का कारोबार संचालित पाया गया। चार औषधियों के खरीद बिल प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रपत्र-15 जारी करते हुए उनकी बिक्री पर रोक लगाई गई। गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रपत्र-17 एवं 17A के तहत छह औषधियों के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में रेफ्रिजरेटर, अनुज्ञप्ति का प्रदर्शन एवं साइन बोर्ड नहीं पाया गया। बिक्री अभिलेख एवं एक्सपायरी औषधियों से संबंधित रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं किए गए। एक्सपायरी औषधियों के भंडारण के लिए अलग स्थान की व्यवस्था नहीं थी। इसके अतिरिक्त औषधियों से भरे कार्टन बिना पैलेट के सीधे फर्श पर रखे पाए गए।

गुणवत्ता परीक्षण के लिए 29 औषधियों के नमूने लिए गए

पटना, भागलपुर, मधुबनी, गयाजी एवं समस्तीपुर के विभिन्न दवा प्रतिष्ठानों से गुणवत्ता परीक्षण के लिए कुल 29 औषधियों के नमूने लिए गए हैं। इनमें पटना के सात प्रतिष्ठानों से 16 नमूने लिए गए हैं। वहीं, चार प्रतिष्ठानों से 1,41,056.71 रुपये मूल्य की औषधियां जब्त की गई हैं। निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा औषधियों की खरीद, भंडारण एवं बिक्री की नियमित निगरानी की जा रही है। आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने व अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान निरंतर जारी रहेगा।