पटना : आम लोगों को शुद्ध, स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई राज्य के विभिन्न जिलों में सघन जांच अभियान चला रही है। अभियान के तहत अधिकारी खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, भंडारण और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को पटना के तीन और भोजपुर के सात खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाई गई खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट किया गया और संबंधित प्रतिष्ठानों को स्वच्छता एवं सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
पटना में 10 लीटर जला हुआ तेल और 25 बासी समोसे नष्ट
पटना के किदवईपुरी स्थित सीताराम स्वीट्स एंड नमकीन में जांच के दौरान 10 लीटर जला हुआ तेल और 25 बासी समोसे पाए गए। खाद्य संरक्षा अधिकारियों ने इन्हें मौके पर नष्ट कराया। निरीक्षण में मिठाइयों पर निर्माण तिथि और 'बेस्ट बिफोर' का उल्लेख नहीं मिला। प्रतिष्ठान को मिठाइयों पर निर्धारित जानकारी अंकित करने व तीन दिनों के लिए प्रतिष्ठान की रसोईघर को बंद कर साफ-सफाई और भंडारण व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए।
वाटर टेस्टिंग रीपोर्ट 14 दिनों के अंदर उपलब्घ कराने के निर्देश दिए गए
साथ ही वाटर टेस्टिंग रीपोर्ट 14 दिनों के अंदर उपलब्घ कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा श्यन कक्ष एवं रसोई घर को अलग-अलग करने के निर्देश भी दिए गए। किदवईपुरी के अन्नपूर्णा कैटरर एंड इवेंट मैनेजर और न्यू पुनाईचक स्थित रिद्धिवीज रेस्ट्रो में भी स्वच्छता एवं भंडारण से जुड़ी कमियां दर्ज की गईं। अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों को रसोई और उपकरणों की नियमित सफाई, जल निकासी की उचित व्यवस्था तथा कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्टील के बर्तन उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
भोजपुर में साढ़े 3 किलो पनीर और 60 लीटर छेना पानी नष्ट
आरा के बिचली रोड स्थित अरुण प्रसाद गुप्ता की पनीर एवं दही दुकान में साढ़े तीन किलो पनीर मौके पर नष्ट कराया गया। पनीर का एक नमूना जांच के लिए भी लिया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में खाद्य अनुज्ञप्ति या पंजीकरण और स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिले। कोईलवर के सकड्डी स्थित तिलंगा जी की पेड़ा दुकान में जंग लगे टिनों में रखा 60 लीटर छेना पानी नष्ट कराया गया और पेड़े का नमूना लिया गया। जांच में जल निकासी, फर्श और भंडारण से जुड़ी कमियां मिलीं। पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और कीट नियंत्रण प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं मिले। प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी कर कमियां दूर करने के लिए 14 दिन का समय दिया गया।
आरा के बिचली गली स्थित 5 अन्य प्रतिष्ठानों से खोआ के 5 नमूने लिए गए
आरा के बिचली गली स्थित पांच अन्य प्रतिष्ठानों से खोआ के पांच नमूने लिए गए। इनमें तीन प्रतिष्ठानों में खाद्य अनुज्ञप्ति नहीं मिली और एक प्रतिष्ठान की अनुज्ञप्ति की वैधता समाप्त पाई गई। संबंधित कारोबारियों को खाद्य अनुज्ञप्ति प्राप्त करने और साफ-सफाई के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग नियमित निरीक्षण, खाद्य नमूनों की जांच और समयबद्ध सुधार की कार्रवाई के जरिए खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों का पालन मजबूत कर रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके।