कार्तिक पूर्णिमा पर पटना की सड़कों पर लगा जाम, घर से निकलने से पहले रहें सावधान

पटना में आज कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा घाटों पर सुबह से श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Nov 05, 2025, 11:43:00 AM

पटना में आज कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा घाटों पर सुबह से श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा है। श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-पाठ कर रहे हैं। घाटों पर भीड़ उमड़ी हुई है तो दूसरी तरफ पटना की सड़कों पर जाम लगा है।

पटना के दीघा AIIMS, पाटिल पथ रोड पर गाड़ियों की लंबी कतार लगी है। करीब साढ़े 3 किमी तक लोग फंसे हुए हैं। जाम में स्कूल बस भी फंसी हुई है। इसके अलावा अटल पथ, घुड़दौड़ रोड, दीघा चौक पर लगा भीषण जाम है।

पटना नगर निगम ने करीब 30 घाटों पर तैयारियों कर रखी हैं। जिसमें बांकीपुर अंचल में 12, पाटलिपुत्र अंचल में 8, पटना सिटी अंचल में 3, अजीमाबाद अंचल में 7 और नूतन राजधानी अंचल में 1 घाट शामिल है। तीन लेयर में बैरिकेडिंग की गई है। सुबह से ही श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। ऐसी मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान करने से पूरे वर्ष गंगा स्नान करने का फल मिलता है।