गोपालगंज के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने BPSC TRE-4 और STET परीक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया है। शिक्षा मंत्री ने TRE-4 परीक्षा और शिक्षक भर्ती की रिक्तियों को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। मिथिलेश तिवारी ने TRE-4 में सीटों की संख्या बढ़ाने के संकेत दिए हैं। वहीं STET परीक्षा को लेकर शिक्षा मंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि STET परीक्षा का रिजल्ट अक्टूबर महीने में जारी करने की तैयारी है। इसके बाद STET में सफल अभ्यर्थियों को BPSC TRE-4 परीक्षा में पात्रता के आधार पर शामिल होने का अवसर मिलेगा।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने TRE-4 परीक्षा और शिक्षक भर्ती की रिक्तियों को लेकर कहा कि 32 हजार 388 सीटों के लिए सरकार की ओर से पहले ही अधियाचना भेजी जा चुकी है। हालांकि, कुछ और सीटें बढ़ने की संभावना है। छोटे-छोटे विषयों में जहां विज्ञापन जारी होना था, लेकिन किसी कारणवश सीटें विज्ञापन में शामिल नहीं हो सकीं, उन सभी मामलों की जानकारी शिक्षा विभाग ने मंगा ली है। अब उन सभी रिक्तियों को एक साथ लेकर अंतिम निर्णय की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि इन अतिरिक्त रिक्तियों को लेकर कल अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद संशोधित अधियाचना तैयार कर बिहार लोक सेवा आयोग यानी बीपीएससी को दोबारा भेजी जाएगी। इससे TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा में सीटों की संख्या पहले से और बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि TRE-4 परीक्षा में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने निर्धारित पात्रता परीक्षा यानी STET उत्तीर्ण की हो। यह नियम पहले से ही लागू है और इसी के आधार पर अभ्यर्थियों की पात्रता तय की जाएगी।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने STET परीक्षा को लेकर कहा कि छात्र और अभ्यर्थी लगातार उनसे मुलाकात कर STET परीक्षा जल्द आयोजित कराने की मांग कर रहे थे। अभ्यर्थियों का कहना था कि अगर STET परीक्षा समय पर हो जाती है, तो उन्हें आगामी TRE - 4 परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा। छात्रों और नौजवानों की इस मांग को देखते हुए सरकार ने परीक्षा प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का निर्णय लिया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा-STET परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया 17 अगस्त से शुरू होने जा रही है। सरकार का प्रयास है कि परीक्षा की पूरी प्रक्रिया समय पर पूरी हो और अभ्यर्थियों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़े। मंत्री के मुताबिक, STET परीक्षा का रिजल्ट भी अक्टूबर महीने में जारी करने की तैयारी है। इसके बाद STET में सफल अभ्यर्थियों को TRE-4 परीक्षा में पात्रता के आधार पर शामिल होने का अवसर मिलेगा।