राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बडी पहल की है। उन्होंने राज्य के सरकारी भूमिहीन व भवनहीन विद्यालयों के लिए बडा कदम उठाया है। शिक्षा मंत्री की पहल के बाद राज्य के सभी डीईओ को निर्देश भेज दिया गया है।
राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल के बाद शिक्षा विभाग ने राज्य के सरकारी भूमिहीन एवं भवनहीन विद्यालयों की अद्यतन सूची 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। निदेशक, प्राथमिक शिक्षा कुमार निशांत विवेक ने राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र भेज कर ऐसे प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों की समेकित सूची मांगी है। ऐसे विद्यालयों की सूची निर्धारित प्रारूप में हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी दोनों माध्यमों से शिक्षा विभाग को भेजनी होगी।
यह जानकारी राज्य के भूमिहीन व भवनहीन विद्यालयों की वास्तविक स्थिति का अद्यतन आकलन करने तथा भविष्य में आधारभूत संरचना के विकास एवं आवश्यक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से मांगी गई है। सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सूचनाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।