पटना में छात्रों का भारी बवाल, जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग तोड़ आगे निकले, सीएम आवास का करेंगे घेराव

बिहार की राजधानी पटना में छात्रों का प्रदर्शन जारी है। TRE-4 अभ्यर्थी और कई छात्र संगठन एकजुट होकर आज (मंगलवार) मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। अभ्यर्थी जेपी गोलंबर से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच कर रहे हैं।

बिहार की राजधानी पटना में छात्रों का प्रदर्शन जारी है। TRE-4 अभ्यर्थी और कई छात्र संगठन एकजुट होकर आज (मंगलवार) मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। अभ्यर्थी जेपी गोलंबर से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच कर रहे हैं। जेपी गोलंबर पर पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। प्रदर्शनकारी छात्र बैरिकेड पर चढ़कर नारेबाजी कर रहे हैं। कुछ छात्र डाक बंगला की ओर भी बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। पुलिस छात्रों को संभालने में जुटी हुई है।  

दरअसल BPSC TRE-4 में PT-Mains की व्यवस्था, नेगेटिव मार्किंग हटाने और 100 प्रतिशत डोमिसाइल की मांग को लेकर पटना के गर्दनीबाग में छात्रों का आंदोलन जारी है। छात्रों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान किया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। घेराव को लेकर जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहे तक सुरक्षा बढ़ाई गई है। जेपी गोलंबर और डाकबंगला चौराहे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रशासन की ओर से जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। हजारों की संख्या में छात्र जेपी गोलंबर पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और अब डाकबंगला की ओर बढ़ रहे हैं। मौके पर पुलिस बल के साथ CRPF के जवानों की भी तैनाती की गई है। 

छात्र नेता अमन कुमार इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों को 15 से अधिक छात्र संगठनों का समर्थन प्राप्त है। इसके अलावा शिक्षकों और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। छात्र नेता का कहना है कि अभी भी कई ऐसी मांगें हैं, जिन पर सरकार की ओर से सहमति नहीं बनी है। इसी वजह से मुख्यमंत्री आवास घेराव का कार्यक्रम किया जा रहा है। 

प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:

BPSC 70वीं परीक्षा दोबारा आयोजित कराने की मांग।

1,799 पदों वाली दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग।

TRE-4 शिक्षक भर्ती को एक स्तरीय परीक्षा के रूप में आयोजित करने की मांग।

BSSC की लंबित परीक्षाएं जल्द आयोजित कराने की मांग।

BET परीक्षा की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग।

लाइब्रेरियन समेत अन्य सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने की मांग।

परीक्षा में पारदर्शिता के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र, उत्तर-कुंजी और OMR शीट उपलब्ध कराने की मांग।

सभी सरकारी भर्ती परीक्षाओं के लिए एक निश्चित वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग।

पेपर लीक और परीक्षा में धांधली करने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग।

भर्ती प्रक्रिया में आयु सीमा से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट नीति बनाने की मांग।

डोमिसाइल नीति को लेकर स्पष्ट और प्रभावी नीति बनाने की मांग।

लंबित नियुक्तियों को जल्द पूरा करने की मांग।

सरकारी भर्ती प्रक्रिया से जुड़े लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान करने की मांग।

बता दें कि छात्र चाहते हैं कि सभी प्रतियोगी परीक्षाएं समय पर और पारदर्शी तरीके से हों। उनका कहना है कि परीक्षा में गड़बड़ी होने पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो।  छात्र TRE-4 में एक ही एग्जाम हो। छात्र पीटी और मेन्स की अलग-अलग परीक्षा नहीं चाहते हैं। नेगेटिव मार्किंग का भी विरोध कर रहे हैं। छात्र संगठनों की ओर से विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी कुल 13 मांगें रखी गई हैं।