बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर बीपीएससी (BPSC) ने प्रारंभिक परीक्षा (PT), मुख्य परीक्षा (Mains) और नेगेटिव मार्किंग को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। बीपीएससी के एग्जामिनेशन कंट्रोलर राजेश कुमार सिंह ने कहा कि TRE 4 की परीक्षा दो स्टेज में ही आयोजित होगी और निगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी जारी रहेगा। BPSC ने कहा कि दो चरणों में परीक्षा कराने का फैसला किसी अचानक बदलाव या अफवाह के आधार पर नहीं लिया गया है, बल्कि परीक्षा व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय किया गया है।
बीपीएससी के एग्जामिनेशन कंट्रोलर राजेश कुमार सिंह ने कहा कि TRE 4 की परीक्षा अब भी दो स्टेज में ही आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सिर्फ बिहार में ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों और विभिन्न भर्ती आयोगों में भी परीक्षाएं दो चरणों में आयोजित की जाती हैं। देश के कई राज्यों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा की व्यवस्था पहले से लागू है। ऐसे में TRE-4 में PT और Mains का प्रावधान कोई असामान्य या नई तरह की व्यवस्था नहीं है। परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा के जरिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग की जा सकती है, जबकि मुख्य परीक्षा के माध्यम से आगे की चयन प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
एग्जामिनेशन कंट्रोलर ने कहा कि आज लगभग हर परीक्षा को दो स्टेज में आयोजित किया जा रहा है। यूपी और हरियाणा समेत कई राज्यों में भी दो चरणों में परीक्षा ली जाती है। ऐसे में TRE 4 को इससे अलग रखना उचित नहीं होगा। उन्होंने बताया कि आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की ओर से भी परीक्षा के संबंध में सुझाव दिए गए हैं। इन तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए TRE 4 की परीक्षा दो स्टेज में ही कराने का फैसला है।
TRE 4 और बीपीएससी की परीक्षाओं में निगेटिव मार्किंग को लेकर उठ रहे सवालों पर भी आयोग ने सफाई दी। राजेश कुमार सिंह ने कहा कि बीपीएससी अब जो भी ऑब्जेक्टिव परीक्षा आयोजित कर रहा है, उसमें निगेटिव मार्किंग का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि निगेटिव मार्किंग किसी एक अभ्यर्थी के लिए नहीं, बल्कि सभी अभ्यर्थियों के लिए समान रूप से लागू होती है। परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने साफ कहा कि BPSC की परीक्षाओं में पहले से नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान रहा है और TRE-4 में भी यह व्यवस्था जारी रहेगी। फिलहाल इसमें बदलाव की कोई संभावना नहीं बताई गई है।
बीपीएससी ने TRE-4 की परीक्षा की तारीख को लेकर फिलहाल कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की है। आयोग के अनुसार, अक्टूबर में TRE 4 परीक्षा की तारीख घोषित की जा सकती है, जबकि परीक्षा नवंबर, दिसंबर या जनवरी तक आयोजित होने की संभावना है। BPSC ने कहा कि सीटों की संख्या अधियाचना आने पर बढ़ सकती है। फॉर्म भरने की अंतिम तारीख़ तक बढ़ सकती है। AEDO की परीक्षा के फॉर्म दोबारा लिए जायेंगे। TRE 4, AEDO की परीक्षा साथ साथ होगी।
आयोग का कहना है कि आवेदन की कुल संख्या सामने आने के बाद ही परीक्षा की तारीख और शेड्यूल तय करना आसान होगा। बीपीएससी के मुताबिक, अगर TRE 4 के लिए 5 लाख तक आवेदन आते हैं तो परीक्षा एक दिन में आयोजित की जा सकती है। वहीं, आवेदन की संख्या 5 लाख से अधिक होने पर परीक्षा दो या तीन दिनों में कराई जा सकती है।