वायुसेना के स्पेशल विमान 'गजराज' से पटना पहुंचा नीट का प्रश्न पत्र, टेलीग्राम ऐप पर रोक, फ्री बस के इंतजाम, 21 जून को होगी परीक्षा

नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा के प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा में भारतीय वायुसेना के विशेष विमान गजराज से पटना एयरपोर्ट पहुंचाए गए। 3 जून को आयोजित हुई परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। 21 जून को होगी परीक्षा।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 17, 2026, 11:35:00 AM

नीट-यूजी री-एग्जाम को लेकर सरकार अलर्ट है और इस बार सख्त तैयारियां की गई हैं। पेपर लीक के बाद अब सरकार और परीक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की कोताही के मूड में नहीं दिख रही हैं। प्रश्न पत्रों को लेकर विशेष गंभीरता बरती जा रही है। इसी कड़ी में  नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा के प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा में भारतीय वायुसेना के विशेष विमान गजराज से पटना एयरपोर्ट पहुंचाए गए। परीक्षा के प्रश्न पत्र को भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से पटना लाया गया है। 3 जून को आयोजित हुई परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून को पुनर्परीक्षा आयोजित करने का फैसला लिया है।

भारतीय वायुसेना के विशेष विमान गजराज के पटना एयरपोर्ट पर उतरते ही सुरक्षा एजेंसियों और परीक्षा से जुड़े अधिकारियों की निगरानी में प्रश्नपत्रों को निर्धारित कलेक्शन सेंटर तक पहुंचाया गया। इसके बाद प्रश्नपत्रों का सुरक्षित वितरण शुरू किया गया। इनमें से कुछ प्रश्नपत्र दरभंगा के लिए रवाना किए गए, जबकि शेष प्रश्नपत्र गया एयरपोर्ट भेजे गए, जहां उन्हें संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, प्रश्न पत्रों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक गुप्त स्थान पर रखा गया है।

परीक्षा से जुड़े अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में प्रश्न पत्रों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे। नीट यूजी पुनर्परीक्षा देने वाले विद्यार्थी 21 जून को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। 20 जून से लेकर परीक्षा खत्म होने तक नीट अभ्यर्थी राज्यभर में निगम की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। एसी, नॉन-एसी, डिलक्स, लग्जरी, इलेक्ट्रिक और पिंक बसों समेत सभी सेवाओं में 'जीरो टिकट' की व्यवस्था लागू रहेगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को केवल अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा।

सरकारी बसों के साथ निगम के अंतर्गत संचालित निजी मोड की बसों में भी परीक्षार्थी बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगे। इसके लिए बस में चढ़ते समय अभ्यर्थियों को अपना नीट (यूजी) का एडमिट कार्ड दिखाना होगा। साथ ही एडमिट कार्ड की छायाप्रति भी जमा करनी होगी। अन्य जिलों और राज्यों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था 20 जून से लागू होगी। परीक्षा समाप्त होने के बाद भी अभ्यर्थी निगम की बसों से निशुल्क अपने गंतव्य तक लौट सकेंगे।

वहीं केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए टेलीग्राम एप पर अस्थाई रोक लगा दी है। नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा से पहले केंद्र सरकार ने टेलीग्राम प्लेटफॉर्म पर अस्थायी रोक लगाई है। 22 जून तक टेलीग्राम एप पर रोक लगाई गई है।  नीट एग्जाम का पेपर टेलीग्राम से ही लीक हुआ था। इसी को ध्यान में रखने हुए सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया है। इसके साथ ही 30 जून तक टेलीग्राम पर मैसेज एडिट करने का फीचर बंद रहेगा।