केंद्रीकृत रसोईघरों में सुबह 9 बजे के बाद ही बनेगा मिड डे मील : शिक्षा मंत्री

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सख़्त निर्देश देते हुए कहा है कि अब केंद्रीकृत रसोईघरों (सेंट्रलाइज्ड किचन) में मध्याह्न भोजन सुबह 9 बजे के बाद ही बनाया जाए ताकि स्कूल के बच्चों को ताजा, गर्म एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।

पटना: शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सख़्त निर्देश देते हुए कहा है कि अब केंद्रीकृत रसोईघरों (सेंट्रलाइज्ड किचन) में मध्याह्न भोजन सुबह 9 बजे के बाद ही बनाया जाए ताकि स्कूल के बच्चों को ताजा, गर्म एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके। उन्होंने कहा कि पूर्णिया में गुरुकुलम संस्कृत विद्यापीठ की स्थापना की जाएगी।  ये बातें शनिवार को माननीय शिक्षा मंत्री ने कटिहार और पूर्णिया के एक दिवसीय प्रवास के क्रम में शिक्षा विभाग की बैठक में कहीं। इस दौरान तिवारी ने शिक्षा व्यवस्था की स्थिति, विद्यालयों के संचालन, विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

कटिहार जिला अतिथि गृह में हुई बैठक के दौरान माननीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि बच्चों की सेहत और पोषण के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने  अधिकारियों को निर्देश दिया कि मध्याह्न भोजन बनाने वाली एजेंसियों और स्वयंसेवी संस्थाओं की कार्यपद्धति, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, मात्रा तथा निर्धारित समय पर बच्चों तक भोजन पहुंचने की नियमित निगरानी की जाए। विद्यालयों में साफ-सफाई और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया में निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए।इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पूर्णिया की बैठक में तिवारी ने कहा कि पूर्णिया में गुरुकुलम संस्कृत विद्यापीठ की स्थापना का उद्देश्य संस्कृत शिक्षा को आधुनिक शिक्षा के साथ जोड़ते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा को मजबूत आधार प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार संस्कृत भाषा एवं भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि संस्कृत विद्यालयों एवं मदरसों की शैक्षणिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं पर सरकार की विशेष नजर है। इन संस्थानों में अध्ययनरत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर वातावरण तथा सरकार की निर्धारित सुविधाओं का समुचित लाभ मिले, यह सुनिश्चित करना शिक्षा विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि इन संस्थानों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा सुनिश्चित की जाए। पूर्णिया की समीक्षा बैठक में मंत्री लेसी सिंह, मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, उप विकास आयुक्त सहित विभाग के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कटिहार की समीक्षा बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, विधायक दुलालचंद गोस्वामी, विधायक संगीता देवी, विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष मनोज राय के अलावा जिला पदाधिकारी, उपविकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं विभाग के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।