पटना में बिहार दरोगा अभ्यर्थियों का बड़ा मार्च, पुलिस ने लगाए कंटीले तार

पटना में बिहार दरोगा अभ्यर्थियों का आज यानी पांच अक्टूबर को बड़ा मार्च होने वाला है। बिहार में 1799 पदों वाली दारोगा भर्ती की मेंस परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में अभ्यर्थी आज सड़क पर उतरेंगे।

पटना : पटना में बिहार दरोगा अभ्यर्थियों का आज यानी पांच अक्टूबर को बड़ा मार्च होने वाला है। बिहार में 1799 पदों वाली दारोगा भर्ती की मेंस परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में अभ्यर्थी आज सड़क पर उतरेंगे। रिजल्ट जारी होने के चार महीने बाद परीक्षा रद्द करने का विरोध कर रहे हैं। भर्ती परीक्षा में सफल 10,789 अभ्यर्थियों ने गांधी मैदान से लोक सेवक आवास तक प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से होगी। इसे देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने कंटीले तार लगाए हैं।

वे अपनी मांगों को लेकर पिछले सात दिनों से गर्दनीबाग धरनास्थल पर बैठे हैं - अभ्यर्थी

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर पिछले सात दिनों से गर्दनीबाग धरनास्थल पर बैठे हैं। उनका आरोप है कि लगातार प्रदर्शन के बावजूद अबतक उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई है। इसके बाद अभ्यर्थियों ने धरनास्थल से बाहर निकलकर प्रदर्शन करने का फैसला लिया है।

गांधी मैदान से शुरू होगा मार्च

आपको बता दें कि प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के गांधी मैदान पहुंचने की संभावना है। यहां गेट नंबर-10 से मार्च शुरू करने की योजना है। अभ्यर्थी लोक सेवक आवास तक पहुंचकर अपनी मांग सरकार और संबंधित अधिकारियों के सामने रखने की तैयारी में हैं।

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, बैरिकेडिंग

वहीं प्रदर्शन को देखते हुए पटना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अभ्यर्थियों को रोकने के लिए कई जगह कंटीले तार लगाए गए हैं। डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग की गई है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।