बीबोस की ओपन स्कूलिंग में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी उत्साहवर्द्धक : शिक्षा मंत्री

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस) की मैट्रिक परीक्षा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को उत्साहवर्द्धक बताया है।

पटना: शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस) की मैट्रिक परीक्षा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को उत्साहवर्द्धक बताया है। उन्होंने कहा कि बीबोस की ओपन स्कूलिंग के प्रति शिक्षार्थियों की रुचि लगातार बढ़ रही है। इसका असर परीक्षा में भी देखने को मिल रहा है। इस बार मैट्रिक परीक्षा में शामिल 13923 शिक्षार्थियों में 6177 ने सफलता प्राप्त की। इनमें 3872 महिलाएं और 2303 पुरुष हैं। इस बार लगभग 48 प्रतिशत शिक्षार्थी सफल हुए हैं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले सत्रों की तुलना में बीबोस में नामांकन और परीक्षा में भागीदारी बढ़ी है। यह बताता है कि ओपन स्कूलिंग की लचीली और वैकल्पिक व्यवस्था लोगों को पसंद आ रही है। खासकर वे विद्यार्थी, महिलाएं और बालिकाएं इससे लाभान्वित हो रही हैं, जो किसी कारण से नियमित विद्यालयी शिक्षा पूरी नहीं कर सकीं। उन्होंने कहा कि बीबोस ऐसे शिक्षार्थियों को अपनी पढ़ाई दोबारा शुरू करने का दूसरा अवसर दे रहा है। बढ़ती भागीदारी से यह भी स्पष्ट है कि लोगों का बीबोस और ओपन स्कूलिंग पर विश्वास बढ़ रहा है। यह शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

तिवारी ने कहा कि मैट्रिक परीक्षा में सफल सभी शिक्षार्थी बधाई के पात्र हैं। वैशाली की गुड़िया कुमारी की उपलब्धि विशेष रूप से प्रेरणादायक है। उन्होंने परीक्षा में 500 में से 450 अंक प्राप्त किए हैं। उनकी सफलता उन महिलाओं और बालिकाओं के लिए प्रेरणा है, जो परिस्थितियों के कारण अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर सकीं।