बिहार के युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में रोजगार हासिल करने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के निदेशालय नियोजन एवं प्रशिक्षण की पहल पर राज्य के छह जिलों में नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्र में योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी शामिल होकर विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर तलाश सकेंगे।
विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार नियोजन मेलों की शुरुआत 24 अगस्त से होगी। पहला मेला औरंगाबाद में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद गया, नवादा, कटिहार, पटना और खगड़िया में रोजगार मेले लगाए जाएंगे। जिला स्तर पर आयोजित इन मेलों में स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें निजी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों और करियर विकल्पों की जानकारी भी दी जाएगी। 24 अगस्त को औरंगाबाद में संयुक्त श्रम भवन के परिसर, धरहरा में जिला स्तरीय नियोजन मेला आयोजित होगा। इसके अगले दिन 25 अगस्त को गया जी के पॉलिटेक्निक कॉलेज के खेल मैदान में मेला लगेगा। 27 अगस्त को नवादा के संयुक्त श्रम भवन, सरकारी आईटीआई, गोविंदपुर में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 29 अगस्त को कटिहार के संयुक्त श्रम भवन, लेबर सेंटर परिसर में नियोजन मेला होगा। वहीं 31 अगस्त को एक साथ पटना और खगड़िया में मेले का आयोजन प्रस्तावित है। पटना में राजकीय आईटीआई, दीघा और खगड़िया में कोशी कॉलेज को आयोजन स्थल बनाया गया है।
नियोजन मेले में तकनीकी के साथ-साथ गैर-तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी भाग ले सकेंगे। इससे आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता वाले युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर तलाशने का मंच मिलेगा। मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए detjob.bihar.gov.in पर निबंधन कराना आवश्यक होगा। आयोजन स्थल पर भी निबंधन की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। वहीं नियोजन मेले में भाग लेने वाले नियोजकों के लिए भी उक्त पोर्टल पर निबंधन अनिवार्य किया गया है। मेला प्रत्येक निर्धारित तिथि को सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।
विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण-पत्रों के साथ पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं। नियोजन मेला से जुड़ी जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 18002965656 पर संपर्क किया जा सकता है।