बिहार पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने बिहार पुलिस सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा की निर्धारित तिथि में बदलाव करते हुए नया शेड्यूल जारी कर दिया है। पहले यह परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली थी, लेकिन उसी दिन NEET-UG 2026 परीक्षा होने के कारण इसे आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
पर्षद की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक अब यह लिखित परीक्षा 28 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया बिहार पुलिस दूरसंचार एवं तकनीकी अधीनस्थ संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) के कुल 993 पदों के लिए चल रही है।
परीक्षा केवल एक शिफ्ट में आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक परीक्षा देनी होगी, जबकि केंद्र पर प्रवेश के लिए सुबह 10 बजे से 11 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। उम्मीदवारों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
CSBC ने यह भी स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार 15 जून 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर अपने परीक्षा केंद्र और जिले से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, ई-एडमिट कार्ड 22 जून से डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे। जिन अभ्यर्थियों को ऑनलाइन प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में कठिनाई होगी, उनके लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है। ऐसे उम्मीदवार 26 जून को पटना स्थित केंद्रीय चयन पर्षद कार्यालय से डुप्लीकेट एडमिट कार्ड हासिल कर सकेंगे।
पर्षद ने कहा है कि परीक्षा तिथि में बदलाव के अलावा भर्ती से जुड़े अन्य सभी दिशा-निर्देश और नियम पूर्व में जारी अधिसूचना के अनुसार ही प्रभावी रहेंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी नए अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।
इस फैसले से खास तौर पर उन छात्रों को राहत मिली है जो एक साथ NEET-UG और बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा दोनों की तैयारी कर रहे थे। पहले दोनों परीक्षाएं एक ही दिन होने के कारण अभ्यर्थियों के सामने विकल्प चुनने की स्थिति बन रही थी, लेकिन अब संशोधित तिथि के बाद वे दोनों परीक्षाओं में शामिल हो सकेंगे।