बिहार के सरकारी स्कूलों में 'शनिवार हाफ डे' इन परीक्षार्थियों को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा, CM का बड़ा फैसला

बिहार के सरकारी स्कूलों में शनिवार को फिर से आधे दिन की पढ़ाई यानी ‘हाफ डे’ व्यवस्था लागू होने रही है। वहीं बिहार में नीट (NEET) परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बड़ा फैसला लिया है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 23, 2026, 11:32:00 AM

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा फैसला लेते हुए शिक्षकों और परीक्षार्थियों को बड़ी राहत दी है। बिहार के सरकारी स्कूलों में शनिवार को फिर से आधे दिन की पढ़ाई यानी ‘हाफ डे’ व्यवस्था लागू होने रही है। वहीं बिहार में नीट (NEET) परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बड़ा फैसला लिया है। परीक्षा के दिन राज्य की सभी सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की है।

सीएम सम्राट चौधरी ने NEET परीक्षार्थियों के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की है। नीट परीक्षा में सम्मिलित होने वाले राज्य के सभी परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की सभी सरकारी बसों में आवागमन पूरी तरह से निःशुल्क रहेगा। इस आदेश के तहत परीक्षा के दिन छात्रों को अपना एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) दिखाने पर बसों में टिकट नहीं लेना होगा।

उन्होंने जिला प्रशासन के साथ-साथ राज्य के सभी सामाजिक संगठनों, मठ-मंदिरों और गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) से एक विशेष आग्रह किया है। जिला प्रशासन, राज्य के सभी मठ-मंदिरों एवं गैर-सरकारी संगठनों से आग्रह है कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों हेतु पेयजल, सत्तू आदि की व्यवस्था में सहयोग करें।

वहीं सरकारी शिक्षकों और करोड़ों छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिलने वाली है। बिहार के सरकारी स्कूलों में शनिवार को फिर से आधे दिन की पढ़ाई यानी ‘हाफ डे’ व्यवस्था लागू होने रही है। शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार इस प्रस्ताव पर लगभग अंतिम सहमति बन चुकी है और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। बताया जा रहा है कि शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हाल ही में हुई विस्तृत समीक्षा बैठक में स्कूलों के वर्तमान समय, छात्रों की उपस्थिति, गर्मी की स्थिति और शिक्षकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

माना जा रहा है कि शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी जल्द ही इस नई व्यवस्था को लेकर औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। संभावना है कि 31 मई तक इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। इस फैसले से राज्य के करीब पौने छह लाख सरकारी शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही करोड़ों छात्र-छात्राओं को भी शनिवार को आधे दिन की पढ़ाई का लाभ मिलेगा।