सीआईएमपी: 17वें पीजीडीएम का 100% प्लेसमेंट, 11 लाख रूपये सलाना रहा सर्वोच्च पैकेज

सीआईएमपी ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं उद्योग जगत से अपने मजबूत संबंधों को प्रमाणित करते हुए पीजीडीएम बैच 2024-26 के लिए 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित किया है।

पटना: चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट पटना (सीआईएमपी) ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं उद्योग जगत से अपने मजबूत संबंधों को प्रमाणित करते हुए पीजीडीएम बैच 2024-26 के लिए 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित किया है। संस्थान ने इस वर्ष का प्लेसमेंट सत्र सफलतापूर्वक संपन्न किया, जो सीआईएमपी के विद्यार्थियों की गुणवत्ता तथा उद्योग जगत के बीच संस्थान की बढ़ती विश्वसनीयता को दर्शाता है।

इस वर्ष अंतिम प्लेसमेंट प्रक्रिया में 120 विद्यार्थियों ने भाग लिया और सभी को विभिन्न उद्योगों एवं प्रबंधन क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त हुआ। प्लेसमेंट प्रक्रिया में 51 कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें से 41 कंपनियों ने अंतिम नियुक्ति प्रस्ताव दिए। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष 29 नई कंपनियाँ पहली बार सीआईएमपी के प्लेसमेंट अभियान से जुड़ीं, जिससे विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसरों का दायरा और अधिक विस्तृत हुआ।

इस प्लेसमेंट सीजन में आईसीआईसीआई बैंक सबसे बड़ा भर्तीकर्ता रहा। इसके अतिरिक्त रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, इंडिगो पेंट्स, जल जीवन हरियाली मिशन, टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स, ग्रांट थॉर्नटन भारत, हैवेल्स इंडिया, कोलगेट पामोलिव, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी तथा आईटीसी जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने भी विद्यार्थियों की भर्ती की। साथ ही 29 नए भर्ती साझेदारों की भागीदारी ने प्लेसमेंट अभियान को और अधिक सशक्त बनाया। वेतन पैकेज के दृष्टिकोण से भी इस वर्ष के परिणाम उत्साहजनक रहे। विद्यार्थियों को प्राप्त सर्वोच्च वार्षिक वेतन पैकेज 11 लाख रूपये सलाना रहा जबकि औसत सीटीसी 6.81 लाख तथा मीडियन सीटीसी 6.45 लाख रूपये प्रति वर्ष रहा।

विद्यार्थियों का चयन बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं, एफएमसीजी, उपभोक्ता वस्तुएं, विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, पेंट एवं बिल्डिंग मैटेरियल, बीमा, अवसंरचना, सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र, ग्रामीण विकास, कंसल्टिंग, लॉजिस्टिक्स एवं सप्लाई चेन तथा प्रौद्योगिकी आधारित उद्योगों सहित अनेक क्षेत्रों में हुआ। छात्रों की सेल्स एवं मार्केटिंग, रिटेल एवं कॉर्पोरेट बैंकिंग, बिजनेस बैंकिंग, वित्त, संचालन (ऑपरेशंस), सप्लाई चेन मैनेजमेंट, बिजनेस डेवलपमेंट, एनालिटिक्स, कंसल्टिंग, रिलेशनशिप मैनेजमेंट, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, मानव संसाधन तथा मैनेजमेंट ट्रेनी जैसी विविध भूमिकाओं में नियुक्तियां प्राप्त हुईं। संस्थान के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा विद्यार्थियों के लिए एप्टीट्यूड प्रशिक्षण, रिज्यूमे निर्माण कार्यशालाएं, मॉक इंटरव्यू, ग्रुप डिस्कशन, उद्योग विशेषज्ञों के नेतृत्व व्याख्यान, कॉर्पोरेट मेंटरिंग तथा सतत करियर मार्गदर्शन जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता और व्यावसायिक दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सीआईएमपी के निदेशक प्रो. (डॉ.) राणा सिंह ने कहा कि एक और बैच का 100 प्रतिशत प्लेसमेंट हमारे विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों, पूर्व छात्रों और उद्योग जगत के सहयोगियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। यह केवल आंकड़ों की उपलब्धि नहीं, बल्कि उद्योग द्वारा सीआईएमपी के विद्यार्थियों पर जताए गए विश्वास का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य ऐसे नैतिक, सक्षम और उद्योगोन्मुख प्रबंधकों का निर्माण करना है, जो समाज और उद्योग दोनों में सार्थक योगदान दे सकें। 

वहीं प्लेसमेंट चेयरपर्सन प्रो. विभाष कुमार ने कहा कि प्लेसमेंट सीजन 2026 हमारे लिए अत्यंत उत्साहवर्धक रहा। 51 संगठनों की भागीदारी तथा 29 नए भर्ती साझेदारों का जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि उद्योग जगत का सीआईएमपी पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। प्लेसमेंट तैयारी, उद्योग सहभागिता और कौशल विकास पर हमारा निरंतर ध्यान विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी रोजगार बाजार में सफल बनाने में सहायक रहा है। हम अपने सभी भर्ती साझेदारों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं और भविष्य में भी इस सहयोग को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।