BPSC अभ्यर्थियों पर पटना पुलिस का बड़ा एक्शन, TRE-4 प्रदर्शन पर दिलीप समेत 5 हजार अज्ञात अभ्यर्थियों पर केस दर्ज

बीपीएससी TRE-4 की वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। छात्र नेता दिलीप कुमार समेत हजारों अभ्यर्थियों पर केस हुआ है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 09, 2026, 10:34:00 AM

बीपीएससी TRE-4 की वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। छात्र नेता दिलीप कुमार समेत हजारों  अभ्यर्थियों पर केस हुआ है। गांधी मैदान थाना में छात्र नेता दिलीप कुमार समेत 4 नामजद और करीब 5 हजार अज्ञात पुरुष व महिला अभ्यर्थियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।  इन अभ्यर्थियों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने और ट्रैफिक रोकने को लेकर मामला दर्ज हुआ है।  

दरअसल शुक्रवार को बड़ी संख्या में TRE-4 अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से विरोध मार्च निकाला था। अभ्यर्थी सरकार और बीपीएससी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे।  इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन अभ्यर्थी आगे बढ़ते रहे।  इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।  लाठीचार्ज में कई छात्र घायल हुए थे। अब पटना पुलिस ने शिक्षक अभ्यर्थियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया है।  पुलिस का कहना है कि प्रशासन की ओर से लगातार बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने कानून व्यवस्था बिगाड़ी और ट्रैफिक को रोका।  

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि सरकार TRE-4 भर्ती का विज्ञापन जारी करने में लगातार देरी कर रही है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।  अभ्यर्थियों ने बीपीएससी की नई नियमावली का भी विरोध किया । बीपीएससी अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर सियासत भी तेज हो गई है शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव  और सरकार में सहयोगी चिराग पासवान ने भी इसको लेकर सरकार पर निशाना साधा था। 

बता दें कि बीपीएससी TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर भर्ती की जाएगी। बिहार लोक सेवा आयोग को इसके लिए अधियाचना पिछले फरवरी महीने में ही मिल चुकी थी। जिसे शिक्षा विभाग की ओर से वापस ले लिया गया और इसे वार्षिक कैलेंडर में भी शामिल कर लिया गया है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 22 सितंबर से 27 सितंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएगी, जबकि परिणाम नवंबर 2026 में जारी होने की संभावना है। हालांकि अब तक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बनी हुई है।