चार्ज लेते ही शिक्षा मंत्री ने BPSC TRE-4 परीक्षा को लेकर किया बड़ा ऐलान, कहा-वो खुद शिक्षक भी रहे हैं...

पदभार ग्रहण करते ही शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बताया। वहीं TRE-4 परीक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर भी उन्होंने जवाब दिया।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 08, 2026, 2:35:00 PM

बिहार में कैबिनेट विस्तार के साथ ही मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा भी हो गया है। तमाम मंत्री अपने विभाग का चार्ज ले रहे हैं इसी कड़ी में शुक्रवार को बिहार के नव निर्वाचित शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते ही शिक्षा मंत्री ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बताया। वहीं TRE-4 परीक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर भी उन्होंने जवाब दिया।

TRE-4 परीक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी  ने कहा कि वे पहले विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरी स्थिति को समझेंगे और अभ्यर्थियों की समस्याओं को सुनेंगे। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में बीच का कोई न कोई रास्ता जरूर निकलेगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि वे खुद विद्यार्थी रहे हैं, राजनीति में आने के साथ-साथ शिक्षक भी रहे हैं और बिहार में कोचिंग सेंटर चलाने का अनुभव भी रखते हैं। इसलिए वे शिक्षकों की भूमिका और महत्व को अच्छी तरह समझते हैं।

पदभार ग्रहण करने के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक बनाना है। शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बननी चाहिए। सरकार इसी दिशा में काम करेगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उन पर भरोसा जताया है और वे इस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार हमेशा से अंतरराष्ट्रीय ज्ञान की धरती रहा है। 

बता दें कि BPSC TRE 4 की वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी आज पटना में प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे थे और जल्द नोटिफिकेशन जारी करने की मांग कर रहे थे। इस बीच शिक्षा मंत्री का बयान आया है और उन्होंने कहा है कि इस मामले में बीच का कोई न कोई रास्ता जरूर निकलेगा।