अगले महीने बिहार की बेटियों के खाते में आएंगे 50-50 हजार रुपये, शिक्षा विभाग के ऐलान से छात्राओं में जश्न

मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत डेढ़ लाख से अधिक छात्राओं को जल्द ही 50-50 हजार रुपये मिलने वाला है। शिक्षा विभाग ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं और अगले महीने छात्राओं के खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया तेज कर दी है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 25, 2026, 11:14:00 AM

बिहार की स्नातक पास छात्राओं को जल्द तोहफा मिलने वाला है। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत डेढ़ लाख से अधिक छात्राओं को जल्द ही 50-50 हजार रुपये मिलने वाला है।  इन लाखों छात्राओं के खाते में  50 हजार रुपये  की प्रोत्साहन राशि मिलने जा रही है। शिक्षा विभाग ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं और अगले महीने छात्राओं के खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया तेज कर दी है। बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों सहित ललित नारायण मिथिला से उत्तीर्ण छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि जल्द मिलने वाली है। 

उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार दिसंबर 2025 तक स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं का डाटा राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। 17 विश्वविद्यालयों ने पोर्टल पर छात्राओं की जानकारी अपलोड कर दिया है। हालांकि कुछ संस्थानों द्वारा अब तक पूरी जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध नहीं कराई गई है। ऐसे संस्थानों को 30 मई तक डेटा अपलोड करने का निर्देश दिया गया है। फिलहाल विभागीय स्तर पर इन आंकड़ों का सत्यापन किया जा रहा है ताकि पात्र छात्राओं को बिना किसी परेशानी के राशि उनके खाते में भेजी जा सके।

उच्च शिक्षा निदेशालय के अनुसार अब तक 17 विश्वविद्यालयों और संस्थानों ने छात्राओं का डाटा पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। जिन प्रमुख विश्वविद्यालयों का डाटा अपलोड हो चुका है उनमें पटना विश्वविद्यालय,पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, जयप्रकाश विश्वविद्यालय, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, मुंगेर विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय और बीएन मंडल विश्वविद्यालय शामिल हैं।

इसके अलावा मगध विश्वविद्यालय, नालंदा खुला विश्वविद्यालय, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय,  मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय ने भी छात्राओं का विवरण पोर्टल पर अपलोड किया है। वहीं आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय और चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान का डाटा भी विभाग को प्राप्त हो चुका है।

बताया जा रहा है कि पोर्टल पर अपलोड किए गए डाटा में छात्राओं के नाम, स्नातक उत्तीर्ण वर्ष, बैंक खाता विवरण और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या त्रुटि मिलने पर संबंधित विश्वविद्यालयों से सुधार कराने को कहा जा रहा है ताकि भुगतान में देरी न हो।

बता दें कि बिहार सरकार की इस महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना  योजना तहत स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। योजना की शुरुआत अप्रैल 2018 में की गई थी। जिसका उद्देश्य बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना और उच्च शिक्षा में छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है। योजना के प्रभाव से राज्य में बड़ी संख्या में छात्राएं स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के लिए प्रेरित हुई है।