वित्तीय अनियमितता का आरोप, सहायक शिक्षक निलंबित, स्कूल के खातों से एक करोड़ से अधिक की निकासी का आरोप

पटना: वित्तीय अनियमितता पर गंभीर रुख अपनाते हुए शिक्षा विभाग ने एक सहायक शिक्षक को निलंबित कर दिया है। अब उनके खिलाफ आरोप पत्र निर्गत किया जाएगा।

पटना: वित्तीय अनियमितता पर गंभीर रुख अपनाते हुए शिक्षा विभाग ने एक सहायक शिक्षक को निलंबित कर दिया है। अब उनके खिलाफ आरोप पत्र निर्गत किया जाएगा। निलंबित शिक्षक जगन्नाथ महतो वर्तमान में समस्तीपुर के रायपुर स्थित विदेही परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में कार्यरत हैं।

गबन के आरोप के समय वे वैशाली जिले के पातेपुर स्थित अम्शों कुंवर उच्च माध्यमिक विद्यालय, भरथीपुर के तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापक थे। महतो पर विद्यालय के विभिन्न खातों से एक करोड़ रुपये से अधिक की नगद निकासी, छात्र कोष एवं विकास कोष के खातों की कैशबुक का वित्तीय नियमों के अनुरूप रखरखाव नहीं करने, लेन-देन का सही विवरण दर्ज नहीं करने, विपत्रों के उचित संधारण का अभाव, विक्रेताओं के जीएसटी नंबर एवं आयकर कटौती संबंधी अनियमितता तथा निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना सामग्री की खरीद के आरोप हैं।

विभाग ने महतो से स्पष्टीकरण मांगा था। उनका पक्ष सुनने के बाद आरोपों को गंभीर वित्तीय प्रकृति का मानते हुए बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई। मामले की विस्तृत जांच के लिए तिरहुत प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक को जांच पदाधिकारी तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा), वैशाली को प्रस्तुतीकरण पदाधिकारी नामित किया गया है।