मेगा जॉब फेयर में पहले दिन 2972 युवाओं का हुआ चयन, पांच दिनों के लिए हुआ है आयोजन

बिहार के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से बुधवार को पटना के ज्ञान भवन में पांच दिवसीय ‘मेगा जॉब फेयर-2026’ का शुभारंभ हुआ।

बिहार के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से बुधवार को पटना के ज्ञान भवन में पांच दिवसीय ‘मेगा जॉब फेयर-2026’ का शुभारंभ हुआ। विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद और सचिव डॉ. कौशल किशोर ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। मेले के पहले दिन ही 4500 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 2972 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। 19 से 23 अगस्त तक चलने वाले इस मेगा जॉब फेयर में बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस, रिटेल समेत विभिन्न क्षेत्रों की 100 से अधिक कंपनियां भाग ले रही हैं। कंपनियां बिहार के युवाओं के लिए 20 हजार से अधिक रोजगार के अवसर लेकर पहुंची हैं। कार्यक्रम में इंडिया स्किल प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

उद्घाटन के बाद मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल युवाओं को नौकरी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसे अवसर देना है, जिनके माध्यम से वे अपने परिवार, समाज और राज्य की प्रगति में योगदान दे सकें। बिहार का युवा प्रतिभाशाली और मेहनती है। उचित अवसर और सही दिशा मिलने पर वह देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है। उन्होंने बताया कि यह रोजगार मेला विशेष रूप से रिटेल, बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस सेक्टर पर केंद्रित है। टाटा ट्रेंट, क्रोमा, वी-मार्ट, डी-मार्ट, सैमसंग, फ्लिपकार्ट, बिगकिट सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं का चयन कर रही हैं। वित्तीय क्षेत्र में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, एसबीआई लाइफ, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंडसइंड बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसी संस्थाएं भी शामिल हैं।

मेगा जॉब फेयर की खासियत यह है कि बिहार के युवाओं के लिए देश के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ब्लू शीप और ओवरसीज जैसी कंपनियों के माध्यम से खाड़ी देशों में रिटेल, रियल एस्टेट और अन्य क्षेत्रों में करीब एक हजार अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि विभाग द्वारा प्रत्येक दो महीने पर रोजगार मेला और मेगा जॉब कैंप आयोजित कर युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पहले मई में आयोजित रोजगार आयोजन के माध्यम से 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया था। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास के साथ साक्षात्कार में शामिल होने और अपनी योग्यता का प्रदर्शन करने की अपील की।

मंत्री ने विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि नवंबर से अब तक 1.10 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने का कार्य किया गया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए ‘दोगुना रोजगार, दोगुनी आय’ के लक्ष्य को सफल बनाने का आह्वान किया। विभागीय सचिव डॉ. कौशल किशोर ने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। मेगा जॉब फेयर के माध्यम से उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभाग ने डीईटी पोर्टल तैयार किया है, जिस पर नवंबर से अब तक 1.20 लाख से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है।

सचिव ने कहा कि विभाग ऑन-स्पॉट जॉब फेयर के साथ ऑनलाइन जॉब फेयर आयोजित करने पर भी विचार कर रहा है। इससे नियोक्ताओं और अभ्यर्थियों के बीच की दूरी कम होगी तथा युवाओं को उनकी शिक्षा, अभिरुचि और कार्यक्षेत्र के अनुरूप अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने बताया कि विभाग का लक्ष्य वर्ष में छह बार इस तरह के रोजगार आयोजन करने का है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य सिर्फ नौकरी देना नहीं, बल्कि कौशल विकास के माध्यम से ऐसा स्किल्ड वर्कफोर्स तैयार करना है, जो देश-विदेश में अपनी कार्यक्षमता का प्रदर्शन कर बिहार का मान बढ़ाए। युवाओं को लगातार अपने कौशल को निखारते रहना चाहिए, क्योंकि बेहतर कौशल के साथ सफलता के अवसर भी बढ़ते हैं।

कार्यक्रम में विशेष सचिव नवदीप शुक्ला, निदेशक नियोजन एवं प्रशिक्षण रंजीत कुमार, विशेष सचिव विकास कुमार, अपर सचिव मनोज रजक, बिहार कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक मनीष शंकर समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विशेष सचिव नवदीप शुक्ला ने धन्यवाद ज्ञापित किया।