नई दिल्ली : अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा टीसीएस, इंफोसिस, विप्रो और HCLTech समेत आठ बड़ी आईटी कंपनियों को ग्रीन कार्ड से जुड़े PERM प्रोग्राम से सस्पेंड किए जाने के बावजूद शुक्रवार यानी नौ अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार में आईटी शेयरों में तेजी देखने को मिली। आज भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई। मार्केट खुलते ही सेंसेक्स 180 अंक चढ़ गया, जबकि निफ्टी में 80 अंकों की बढ़त दर्ज की गई।
रुपए में भी डॉलर के मुकाबले मजबूती देखने को मिली
वहीं, रुपए में भी डॉलर के मुकाबले मजबूती देखने को मिली। रुपया चार पैसे मजबूत होकर 96.74 प्रति डॉलर पर खुला। गुरुवार को कारोबार बंद होने के समय यह 96.78 प्रति डॉलर पर था। शुरुआती कारोबार में टीसीएस, इंफोसिस, HCLTech समेत प्रमुख आईटी कंपनियों के शेयर ग्रीन जोन में कारोबार करते नजर आए। शुरुआती कारोबार में इंफोसिस के शेयरों में 2.62 फीसदी, टीसीएस के शेयरों में 3.39 फीसदी, एचसीएल के शेयरों में 2.53 फीसदी और विप्रो के शेयरों में 2.47 फीसदी की तेजी देखने को मिली।