बैंक में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह के प्रस्ताव के पक्ष में नहीं CAIT/AIJGF

बैंक कर्मचारियों द्वारा बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग पर CAIT एवं AIJGF बिहार ने अपनी असहमति व्यक्त की है।

पटना: बैंक कर्मचारियों द्वारा बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग पर CAIT एवं AIJGF बिहार ने अपनी असहमति व्यक्त की है। संगठनों का कहना है कि बैंकिंग व्यवस्था सीधे तौर पर व्यापार, उद्योग और देश की अर्थव्यवस्था से जुड़ी हुई है, इसलिए बैंकों के कार्यदिवस कम करने का निर्णय केवल कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखकर नहीं लिया जाना चाहिए।

CAIT/AIJGF बिहार अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में बैंक कर्मचारियों को महीने में लगभग छह दिनों की छुट्टी मिलती है। ऐसे में बैंकों को जिस व्यवस्था के तहत वर्तमान में कार्य किया जा रहा है, उसी प्रकार संचालित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और छोटे एवं मध्यम व्यवसायों के लिए बैंकिंग सेवाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यदि बैंक सप्ताह में केवल पांच दिन खुले रहेंगे तो इससे नकद जमा, भुगतान, चेक क्लियरेंस, RTGS/NEFT सहित अनेक बैंकिंग कार्यों पर असर पड़ सकता है और व्यापारिक गतिविधियों में अनावश्यक बाधा उत्पन्न हो सकती है। वर्मा ने सरकार से आग्रह किया कि बैंकिंग क्षेत्र में किसी भी प्रकार का बदलाव करने से पहले व्यापारियों, उद्योग जगत और अन्य बैंकिंग उपभोक्ताओं के हितों को भी ध्यान में रखा जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि CAIT एवं AIJGF कर्मचारियों के हितों का सम्मान करते हैं, लेकिन बैंकिंग व्यवस्था पूरे व्यापार एवं अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए वर्तमान कार्य व्यवस्था को बनाए रखना ही व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों के हित में उचित होगा।