धनतेरस-दीपावली महापर्व पर राज्य के बाजारों में 4,000 करोड़ के कारोबार का अनुमान

कन्फेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स CAIT/ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (AIJGF), बिहार के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने धनतेरस और दीपावली के अवसर पर राज्य के व्यापारिक परिदृश्य को लेकर आधिकारिक आंकड़े जारी किए हैं।

पटना: कन्फेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स CAIT/ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (AIJGF), बिहार के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने धनतेरस और दीपावली के अवसर पर राज्य के व्यापारिक परिदृश्य को लेकर आधिकारिक आंकड़े जारी किए हैं। फेडरेशन के व्यापक आंकलन के अनुसार, इस वर्ष केवल राजधानी पटना का कुल बाजार 2,500 करोड़ से 3,000 करोड़ के सर्वकालिक उच्च स्तर को छूने जा रहा है, वहीं पूरे बिहार का व्यापारिक आंकड़ा 5,000 करोड़ के पार निकल जाएगा।

अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि सोने-चांदी की कीमतों में हालिया स्थिरता और आगामी विवाह सीजन के कारण उपभोक्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह है। इस बार सर्राफा बाजार अकेले पटना में 700 से 850 करोड़ का कारोबार दर्ज करने के लिए तैयार है। लाइटवेट (कम वजन वाले) फैशनेबल आभूषण और डायमंड सेट की बुकिंग में पिछले साल के मुकाबले 20 से 25 प्रतिशत की भारी वृद्धि देखी जा रही है। इस बार शादी का सीजन भी नवम्बर से ही शुरू हो रहा है।"

सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के साथ-साथ चांदी के सिक्कों और बर्तनों की बिक्री में भारी उछाल है। वर्मा ने विशेष रूप से रेखांकित किया कि उपभोक्ता अब पूरी तरह जागरूक हैं और शत-प्रतिशत BIS हॉलमार्क प्रमाणित आभूषणों की ही मांग कर रहे हैं, जो भारतीय सर्राफा बाजार की पारदर्शिता को दर्शाता है। वहीं ऑटोमोबाइल सेक्टर में पटना में लगभग 700-800 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है, जिसमें SUV और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की डिलीवरी प्रमुख है। इलेक्ट्रॉनिक्स और 5G मोबाइल फोन का बाजार भी इस त्योहारी सीजन में 500 करोड़ के आंकड़े को छू रहा है। 

वर्मा ने राज्य के सभी आभूषण विक्रेताओं और स्वर्णकारों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि वे उपभोक्ताओं को अनिवार्य रूप से पक्का बिल और HUID शुद्धता गारंटी प्रदान करें। श्री वर्मा ने विश्वास जताया कि यह धनतेरस बिहार के आर्थिक विकास और व्यापारी जगत के लिए एक नया मील का पत्थर साबित होगा।