राज्य में बेलगाम हो चुके बदमाशों ने एक भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया है। बदमाशों ने कुछ इस कदर डकैती और बर्बरता की कि पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। दरअसल पांच की संख्या में आए बदमाशों ने एक डॉक्टर के घर में छत के रास्ते से प्रवेश किया और उसके बाद से उन्होंने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। डकैती के दौरान उन्होंने एक महिला के साथ बर्बरता भी की। महिला की हालत गंभीर बनी हुई। उसे इलाज के लिए डीएमसीएच में एडमिट कराया गया है।
मिली खबर के अनुसार दरभंगा जिले के डरहार गांव में गुरुवार की देर शाम बदमाशों ने एक घर में भीषण डकैती की। बताया जा रहा है कि इस डकैती में अपराधियों ने लगभग पांच लाख रुपए के गहने और करीब 35 हजार रूपये की लूट की। मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर शाम बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में बदमाशों ने होम्योपैथिक चिकित्सक डॉक्टर पवन मिश्रा के घर में डकैती डाली। जो जानकारी सामने आ रही है उसके अनुसार अपराधी डॉक्टर पवन मिश्रा के घर में उनके छत के रास्ते घुसे। घर में घुसने के साथ ही उन्होंने उनकी छोटी बहू को बंधक बना लिया। बंधक बनाने के बाद अपराधियों ने छोटी बहू के साथ वहशियाना हरकत भी की। सबसे पहले उन्होंने महिला के बाल काट दिए। फिर उसके साथ मारपीट भी की। उसके अलावा उन्होंने महिला के हाथ और पांव को बांधकर पीठ में इंजेक्शन लगा दिया और बेहोश कर दिया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने महिला को घसीटा भी है। गौर करने वाली बात यह है कि महिला उस वक्त अपनी डेढ़ साल की मासूम बच्ची के साथ अकेली थी।
अपराधी इतने शातिर थे कि उन्होंने वारदात के पहले घर में चल रही टीवी की आवाज को तेज कर दिया ताकि किसी भी प्रकार का शोर शराबा बाहर नहीं जा सके। बताया जा रहा है कि लगभग 20 मिनट तक इन अपराधियों ने अपने खौफनाक कारतूत को अंजाम दिया। इस दौरान उन्होंने घर की तीन कमरों में जमकर उत्पात मचाया। इन कमरों में रखी दो अलमारी को तोड़कर संपत्ति की लूट की मिली। सूचना के अनुसार लूट गए सामान में सोने और चांदी के आभूषण शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बहादुरपुर थाना अध्यक्ष ने मौके का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किये हैं। इधर अपराधियों के हैवानियत की शिकार बनी महिला का इलाज डीएमसीएच में कराया जा रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पुलिस जुटी हुई है।