पटना के पारस हॉस्पिटल परिसर में जमकर तोड़फोड़, हंगामा, युवक की मौत पर परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप

राजधानी पटना का पारस हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों में आ गया है। राजा बाजार शेखपुरा मोड़ के समीप स्थित पारस हॉस्पिटल के बाहर जमकर हंगामा हुआ है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Apr 27, 2026, 6:32:00 PM

राजधानी पटना का पारस हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों में आ गया है।   राजा बाजार शेखपुरा मोड़ के समीप स्थित पारस हॉस्पिटल के बाहर जमकर हंगामा हुआ है।  इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।  

मिली जानकारी के अनुसार पटना के राजा बाजार स्थित पारस हॉस्पिटल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब इलाज के दौरान एक 15 वर्षीय युवक की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण युवक की जान गई। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। कई शीशे तोड़ दिए गए, गमले फेंके गए और वहां खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

परिजनों का आरोप है कि युवक को वेंटिलेटर पर रखकर लगातार पैसे वसूले जा रहे थे और यहां तक कि किडनी निकालने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि युवक फुलवारी शरीफ इलाके में क्रिकेट खेल रहा था, तभी दोस्तों के बीच हुए विवाद में उसे चोट लगी थी। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र से जुड़ा यह मामला है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले क्रिकेट खेलने के दौरान मामूली विवाद हुआ था। आरोप है कि इस विवाद के दौरान एक दरोगा के पुत्र और उसके दोस्तों ने विशाल कुमार पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल विशाल को आनन-फानन में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान युवक की मौत गई।

इलाज के क्रम में जैसे ही विशाल की मौत की सूचना परिजनों तक पहुँची, वे उग्र हो गए। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल से विशाल के शव को लिया और सीधे राजा बाजार की मुख्य सड़क पर उतर आए। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते हंगामा बढ़ गया और भीड़ ने अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर सड़क जाम कर दिया, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश में जुट गई। पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है, वहीं अतिरिक्त बल भी बुलाया गया है, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराने की कोशिश कर रही है। आक्रोशित परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस के साथ इस दौरान परिजनों की तीखी नोकझोंक भी हुई।