पटना में लगातार दूसरे दिन एनकाउंटर, वैन लूटकांड के आरोपी को मारी गोली, 24 घंटे में तीसरा एनकाउंटर

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन जारी है। राजधानी पटना में लगातार दूसरे दिन एनकाउंटर हुआ है। पटना के गोपालपुर में 27 लाख कैश वैन लूटकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 19, 2026, 10:37:00 AM

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन जारी है। राजधानी पटना में लगातार दूसरे दिन एनकाउंटर हुआ है। पटना के गोपालपुर में 27 लाख कैश वैन लूटकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपी नीतीश कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि आदित्य कुमार भागने के दौरान घायल हो गया। वहीं पटना और सिवान में भी पुलिस ने अलग-अलग एनकाउंटर में अपराधियों को दबोचा। पिछले 24 घंटे में यह तीसरा एनकाउंटर है।  

 गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।  इस दौरान एक आरोपी  के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भागने के दौरान घायल हो गया। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

दरअसल गोपालपुर थाना क्षेत्र के जोल बीघा में 13 मई को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक निजी कंपनी की कैश वैन से 27 लाख रुपये लूट लिए थे। बदमाशों ने ड्राइवर, गनमैन और कस्टोडियन को हथियार दिखाकर वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी थी।

पुलिस को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल अपराधी गोपालपुर थाना क्षेत्र के उदयनी गांव में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके में छापेमारी की। इस दौरान अपराधियों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने  मुठभेड़ में आरोपी नीतीश कुमार के पैर में गोली मारी। वहीं दूसरा आरोपी आदित्य कुमार भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया और उसका पैर टूट गया। दोनों को इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

मामले में पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। साथ ही CMS से जुड़े दस्तावेज, पर्चियां, घटना के दौरान पहने गए कपड़े, हेलमेट और हथियार भी बरामद किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी दीदारगंज और पटना सिटी इलाके के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।