बिहार में सम्राट की पुलिस का कहर, सीवान के बाद पटना में एनकाउंटर, टीचर को गोली मारने वाले अपराधी को पुलिस ने ठोका

बिहार में बेखौफ अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। ताबड़तोड़ एनकाउंटर से अपराधियों में हड़कंप मच गया है। सीवान के बाद अब पटना में शिक्षक लूट कांड के आरोपी का हाफ एनकाउंटर हुआ है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 18, 2026, 11:11:00 AM

बिहार में बेखौफ अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है।  ताबड़तोड़ एनकाउंटर से अपराधियों में हड़कंप मच गया है। बिहार पुलिस का विशेष अभियान 'ऑपरेशन लंगड़ा' अपराधियों पर काल बनकर टूटा है। सीवान के बाद अब पटना में शिक्षक लूट कांड के आरोपी का हाफ एनकाउंटर हुआ है। सीवान में देर रात सोना लूट के आरोपी का एनकाउंटर के बाद अब पटना पुलिस ने भागवत नगर शिक्षक लूट कांड के मुख्य आरोपी को एक मुठभेड़ के दौरान धर दबोचा है।

दरअसल राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग की तो पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में मुख्य शूटर को 'लंगड़ा' कर दिया। इसके साथ ही एक अन्य आरोपी भी दबोचा गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि शिक्षक लूट कांड से जुड़े अपराधी अगमकुआं थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में छिपे हुए हैं। इस सूचना के आधार पर जब पुलिस की विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू की, तो अपराधियों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर सीधे गोलियां चलानी शुरू कर दीं। 

जिसके बाद पटना पुलिस की टीम ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई जो अपराधी संदीप उर्फ बादल को लग गई। घायल अपराधी को इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। वहीं मौके से भागने की कोशिश कर रहे उसके दूसरे साथी को पुलिस ने दौड़ाकर दबोच लिया, जिसकी पहचान प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। 

वहीं मौके पर मौजूद पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि पछले दिनों पटना में छिनतई की घटना हुई थी। छिनतई के दौरान अपराधी द्वारा गोली चला दी गई थी, जिसमें वह व्यक्ति घायल हो गए थे। जांच के दौरान पुलिस टीम को अपराधी के बारे में इनपुट मिला। पुलिस ने अपराधी को पकड़ने के लिए छापेमारी की। इस दौरान अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कंट्रोल्ड फायरिंग की जिसमें गोली अपराधी के पैर में जा लगी। घायल अपराधी को इलाज के लिए भेज दिया गया है और वारदात में शामिल दूसरे शख्स को गिरफ्तार किया गया है।

बता दें कि सोमवार को सीवान में भी एनकाउंटर हुआ है। पुलिस ने 20 लाख के आभूषण लूट के आरोपी को दौड़ाकर गोली मारी है। एनकाउंटर में जामापुर ज्वेलरी लूटकांड के एक आरोपी को गोली लग गई है। सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। एनकाउंटर में ज्वेलरी लूट कांड का मुख्य आरोपी अंकित कुमार सिंह घायल हो गया है। इस एनकाउंटर के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी है।  जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।  आरोपी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।  एनकाउंटर के बाद पुलिस ने जब मौके की तलाशी ली, तो घायल बदमाश अंकित सिंह के पास से 01 लोडेड देसी पिस्टल (कट्टा), 02 खोखा और घटनास्थल से लूटी गई मोटरसाइकिल को जब्त किया गया।  इसी महीने 6 मई 2026 को जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार में स्थित “ओमसाईं बर्तन एवं ज्वेलर्स” दुकान में एक बड़ी लूट की घटना हुई थी।