नशे के धंधेबाजों के ऊपर पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना पुलिस ने राजधानी के हाथीदह थाना क्षेत्र में एक क्विंटल गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस संबंध में पांच अन्य को गिरफ्तार भी किया है। इस मामले में पुलिस अब आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह गुप्त सूचना मिली थी कि हाथीदह थाना क्षेत्र अंतर्गत मादक पदार्थ की बडी खेप उतरने वाली है। सूचना मिलने के बाद बाढ़ वन के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर के अनुसार हाथीदह थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह के द्वारा एक टीम का गठन किया गया और विशिष्ट सूचना इकाई पटना के सहयोग से हाथीदह थाना अंतर्गत अलग-अलग जगह पर छापेमारी शुरू की गई।
पुलिस द्वारा बताया गया कि छापेमारी के क्रम में औंटा गोलंबर के करीब 100 मीटर आगे सिक्स लेन सड़क के किनारे तीन चार पहिया वाहन पर व्यक्ति मौजूद थे। पुलिस को देखते ही यह सभी भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने दौडाकर पकड लिया। पकड़े गए व्यक्तियों एवं सड़क के किनारे खड़े वाहनों की तलाशी लेने पर तीनों वाहनों से लगभग एक क्विंटल गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने इनके पास से छह मोबाइल फोन भी बरामद किया है। गिरफ्तार होने वालों में चंदन कुमार विभूतिपुर समस्तीपुर, पंकज कुमार सिलाव नालंदा, विकास कुमार विभूतिपुर समस्तीपुर, लालबाबू कुमार विभूतिपुर समस्तीपुर और राजकुमार बिभूतिपुर समस्तीपुर के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके पास से एक काले रंग की थार, एक उजले रंग के स्विफ्ट डिजायर कार और एक उजले रंग के अर्टिगा कार को भी बरामद किया है। पुलिस अब पूरे मामले की पड़ताल करके इन सभी के नेटवर्क की पडताल करने में जुटी हुई है।