राज्य के सीवान जिले में नाबालिग बच्ची से गैंगरेप और वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को बसंतपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो के खिलाफ पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज है। यह जानकारी गुरूवार को एसपी पूरन कुमार झा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। बता दें कि गैंगरेप की वारदात बीते 28 जून को हुई थी लेकिन पीड़िता ने सात जुलाई को महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
सीवान एसपी ने बताया कि पीड़ित द्वारा सात जुलाई 2026 को महिला थाना में एक लिखित आवेदन दिया गया था। आवेदन में पीड़िता ने आरोप लगाया था कि 28 जून 2026 को तीन नामजद युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस गंभीर शिकायत के मिलते ही महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराजगंज एसडीपीओ अमन के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बसंतपुर थाना क्षेत्र के सानी बगाही निवासी कृष्णा चौधरी के पुत्र संदीप कुमार, शिवशंकर महतो के पुत्र टुनटुन कुमार और महाराजगंज के पटेढी के राजेंद्र राय के पुत्र अभिमन्यु कुमार उर्फ राय जी के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में से टुनटुन और संदीप के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सीवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट