बिहार में 4 हत्याओं से सनसनी, दरभंगा में सनकी पति का खूनी खेल, पत्नी और 3 बच्चों को पीट-पीटकर मार डाला

बिहार के दरभंगा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। दरभंगा के पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी बगाही गांव में एक सनकी व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 19, 2026, 11:54:00 AM

बिहार के दरभंगा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। दरभंगा के पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी बगाही गांव में एक सनकी व्यक्ति ने अपने ही हाथों से अपने पूरे परिवार को ख़त्म कर दिया है। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

दरअसल दरभंगा के पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी बगाही गांव में घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी युवक की पहचान संदीप दास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ किराये के मकान में रहता था। परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल से जुड़ा बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दालकोला जिला अंतर्गत कुंडी थाना क्षेत्र निवासी फूल कुमारी दास, उनके पुत्र ह्रदय दास और पुत्री संध्या दास व सोन दास के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि आरोपी संदीप दास अपने परिवार के साथ चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गा फार्म में मजदूरी करता था। मंगलवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पत्नी और बच्चों पर हमला कर दिया। घटना में चारों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पतोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुबह के समय घर के अंदर से चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दीं। आसपास के लोगों को पहले कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो लोगों को शक हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर दाखिल हुई तो वहां का दृश्य बेहद भयावह था। कमरे के अंदर पत्नी और तीन बच्चों के शव पड़े थे। बताया जा रहा है कि बच्चों की बेरहमी से हत्या की गई थी। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। 

वहीं एक और दर्दनाक पहलू यह रहा कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो एक बच्चे की सांसें चल रही थीं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस खबर के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।