बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। लगातार तीसरे दिन बिहार पुलिस ने एनकाउंटर किया है। 'ऑपरेशन लंगड़ा' अभियान के तहत समस्तीपुर में पुलिस ने कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार का एनकाउंटर किया। उजियारपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में बदमाश प्रिंस कुमार पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जो आर-पार हो गई। घायल हालत में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।
बताया जा रहा है कि समस्तीपुर जिले के होशियारपुर थाना क्षेत्र में यह मुठभेड़ हुई. पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम इलाके में पहुंची और घेराबंदी की गई। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। एनकाउंटर में घायल हुए प्रिंस कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रिंस कुमार पर जिले के कई थाना क्षेत्रों में लूट, छिनतई और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अपराधी प्रिंस कुमार तक पहुंची। तकनीकी जांच में पता चला कि प्रिंस भगवानपुर देसवा गांव स्थित हाईस्कूल के पास मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही प्रिंस बाइक लेकर भागने लगा। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद प्रिंस ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इसी दौरान एक गोली प्रिंस के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वह बाइक से नीचे गिर पड़ा। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच उसे इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार और कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद किया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर उसके गिरोह और अन्य साथियों की जानकारी जुटाने में लगी है। संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ में जिले में हुई कई बड़ी आपराधिक घटनाओं का खुलासा हो सकता है।
बता दें कि पिछले 48 घंटे के दौरान बिहार में यह चौथा पुलिस एनकाउंटर है। इससे पहले पटना और सीवान में भी पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को लेकर माना जा रहा है कि बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है।