Big Breaking: पटना NEET छात्रा रेप मामला, बायोलॉजिकल रिपोर्ट ने खोली सच्चाई, सेक्सुअल हरासमेंट के सबूत मिले

पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ रेप और मौत का मामला अब एक बार फिर बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। फॉरेंसिक साइंस लैब की बायोलॉजिकल रिपोर्ट ने पुलिस की शुरुआती जांच पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Jan 24, 2026, 7:58:00 PM

पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ रेप और मौत का मामला अब एक बार फिर बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। फॉरेंसिक साइंस लैब की बायोलॉजिकल रिपोर्ट ने पुलिस की शुरुआती जांच पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, एफएसएल की रिपोर्ट में छात्रा के साथ यौन हिंसा की पुष्टि हुई है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि छात्रा के कपड़ों से ऐसे जैविक सैंपल मिले हैं, जो साफ तौर पर यौन शोषण की ओर इशारा करते हैं। यह खुलासा उस वक्त हुआ है, जब पुलिस ने शुरुआती जांच में यौन हिंसा की आशंका से इनकार कर दिया था।

पूरा मामला 6 जनवरी का है, जब जहानाबाद की रहने वाली NEET छात्रा पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित शंभु गर्ल्स हॉस्टल में बेहोशी की हालत में मिली थी। छात्रा एक दिन पहले ही यानी 5 जनवरी को अपने घर से पटना आई थी। बेहोशी की हालत में पहले उसे कंकड़बाग के सहज अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर प्रभात मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उसे मेदांता अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने घटनास्थल, सीसीटीवी फुटेज, हॉस्टल संचालक, वार्डन और डॉक्टरों के बयान के आधार पर यौन हिंसा से इनकार किया था। लेकिन PMCH से आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने इस दावे को कमजोर कर दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कहा गया कि यौन हिंसा की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

रिपोर्ट के अनुसार छात्रा के शरीर पर चोट के निशान, बल प्रयोग और जबरन संबंध बनाए जाने के साक्ष्य मिले हैं। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया। अब छात्रा के पिता ने चित्रगुप्त नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

फिलहाल, फॉरेंसिक रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष व गहन जांच की मांग तेज हो गई है।