बिहार के वैशाली जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो गांव में छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के जवान और उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मृतक जवान की पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो भारतीय सेना में तैनात थे और फिलहाल दिल्ली में पोस्टेड थे। जानकारी के मुताबिक, परिवार के एक रिश्तेदार की करंट लगने से मौत होने के बाद वह छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। इसी दौरान गांव में रास्ते और जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद फिर से सामने आ गया।
परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम आरोपी जगदीश राय और जितेंद्र कुमार के बीच रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया। हालांकि, रविवार सुबह आरोपी दोबारा हथियार लेकर पहुंचा और कथित तौर पर जितेंद्र कुमार तथा उनके पिता मुनारीक राय पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
हमले में मुनारीक राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जितेंद्र कुमार को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद आरोपी और उसके परिवार के सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला रास्ते के विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी कानून की गिरफ्त में होंगे।
इस घटना के बाद रजासो गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस एहतियात के तौर पर इलाके में निगरानी बनाए हुए है। वहीं, एक सेना के जवान की इस तरह हत्या होने से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पटना से विष्णु की रिपोर्ट