तीन छात्रों की मौत, अनुमंडल अस्पताल का पूर्व विधायक ने किया निरीक्षण, मिली शराब की बोतलें

महुआ के पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन ने गुरुवार को महुआ अनुमंडल अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद प्रभारी चिकित्सक के साथ अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट का जायजा लिया।

महुआ (वैशाली): महुआ में सड़क दुर्घटना में तीन छात्रों की दर्दनाक मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हादसे में दो छात्रों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी,जबकि तीसरे घायल प्रीतम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने चिकित्सक की अनुपस्थिति और एम्बुलेंस में ऑक्सीजन नहीं मिलने की शिकायत की थी।  इसी मामले को लेकर महुआ के पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन ने गुरुवार को महुआ अनुमंडल अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद प्रभारी चिकित्सक के साथ अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट का जायजा लिया और जल्द से जल्द ऑपरेटर की नियुक्ति कर प्लांट को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में कई जगहों पर शराब की बोतलें मिलने पर भी पूर्व विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की साथ ही वैशाली के सिविल सर्जन से शिकायत कर अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को दुरुस्त करने की बात कही। पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद उन्होंने एडीएम आपदा से बात कर पीड़ित परिवारों को मुआवजे की राशि जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश देने की बात कही।

इस दर्दनाक हादसे के 48 घंटे बीत जाने के बाद स्थानीय सांसद और विधायक की अनुपस्थिति को लेकर भी स्थानीय लोगों में चर्चा रही। लोगों का कहना है कि ऐसी दुखद घटना के समय जनप्रतिनिधियों को पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर उनका दुख-दर्द साझा करना चाहिए। महुआ नगर परिषद क्षेत्र में हुए इस सड़क हादसे ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में अभिषेक कुमार और अमन कुमार, निवासी महुआ सिंहराय, सहित तीसरे घायल प्रीतम की मौत से परिवारों में मातम पसरा है।

पूर्व विधायक ने मृतकों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। निरीक्षण के दौरान राजद नेता श्रीकांत यादव, रामाशंकर यादव, रणविजय यादव, विशाल गौरव, सुबोध राय, रवींद्र राय, संजय पासवान, प्रमोद राय, सफदर इरशाद, कुमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। अब सवाल यह है कि हादसे के बाद सामने आई शिकायतों पर स्वास्थ्य विभाग कब कार्रवाई करेगा और महुआ अनुमंडल अस्पताल की व्यवस्था कब सुधरेगी ?

हाजीपुर (वैशाली) से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट