वैशाली: हाजीपुर में हिंदू पुत्र संगठन के संरक्षक राजीव ब्रह्मर्षि के आवास पर शनिवार को की गयी फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार बदमाशों ने उनके आवास को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि, इस घटना में राजीव ब्रह्मर्षि बाल-बाल बच गए। घटना के बाद अब CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें बाइक सवार संदिग्ध बदमाश फायरिंग के बाद मौके से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
फायरिंग की सूचना मिलने के बाद वैशाली के वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ने मौके का जायजा लिया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी देखा। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार संदिग्धों द्वारा फायरिंग किए जाने के बाद मौके से फरार होने की तस्वीरें सामने आई हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम को भी जांच में लगाया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार अपराधियों ने राजीव ब्रह्मर्षि के आवास पर 8 से 10 राउंड तक फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। फायरिंग के बाद पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर कौन थे और उन्होंने किस वजह से इस घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद राजीव ब्रह्मर्षि का भी बयान सामने आया है। उन्होंने फायरिंग की घटना को लेकर अपनी बात रखी और बताया कि आखिर उस समय क्या हुआ था। उनके बयान के बाद यह सवाल और भी महत्वपूर्ण हो गया है कि आखिर किसने गोलियां चलाईं और राजीव ब्रह्मर्षि को निशाना बनाने की वजह क्या थी?
वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने मामले की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल इस फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी और घटना में शामिल लोग कौन हैं, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
वैशाली से संतोष सिंह की रिपोर्ट