सुपौल में दिनदहाड़े तिलहेश्वरनाथ मंदिर से चोरी, CCTV की निगरानी में चांदी का मेठ ले गया चोर

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 19, 2026, 4:19:00 PM

सदर थाना क्षेत्र के सुखपुर स्थित प्रसिद्ध तिलहेश्वरनाथ महादेव मंदिर में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का मेठ चोरी कर लिया। पंडा आशीष कुमार ने लोगों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी प्रशासन को दी। 

घटना की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इसके साथ अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर कुमार साह एवं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन ने भी मंदिर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली।

अधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर में लगे 16 कैमरा में से 12 कैमरा चालू स्थिति में है। कैमरा का पासवर्ड मिस्त्री के पास होने के कारण पुलिस इंतजार कर रही। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है।पुलिस तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।दिनदहाड़े मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

सुपौल से कुणाल कुमार की रिपोर्ट