सहरसा से बड़ी खबर है। बनगांव रोड स्थित आशा इमरजेंसी हॉस्पिटल एंड चाइल्ड केयर में सोमवार देर शाम ऑपरेशन के दौरान 14 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान महिषी थाना क्षेत्र के झाझा नवटोलिया निवासी गंगाराम मुखिया की पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, डॉक्टर ने जांच के बाद बच्ची के ब्रेन में पानी होने की बात कही थी और ऑपरेशन के बाद ठीक होने का भरोसा दिया था। लेकिन ऑपरेशन के दौरान ही बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया और बनगांव-बरियाही मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
परिजनों ने मुआवजे की मांग की। वहीं, घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार से आवेदन मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट