मुजफ्फरपुर से ट्रक और सुपौल से लूट का माल बरामद, अंतरजिला गिरोह का खुलासा

अंतरजिला अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सारण जिले के दिघवारा थाना पुलिस ने करीब 15 लाख रुपये मूल्य की लूटी गई 300 बोरी लहसुन सुपौल से बरामद की है।

अंतरजिला अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सारण जिले के दिघवारा थाना पुलिस ने करीब 15 लाख रुपये मूल्य की लूटी गई 300 बोरी लहसुन सुपौल से बरामद की है। पुलिस ने लूट का पूरा माल सुपौल नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-28 स्थित खूंटी टोला के एक गोदाम से जब्त किया है। हालांकि छापेमारी की भनक लगते ही गोदाम से जुड़ा आरोपी मौके से फरार हो गया।

दिघवारा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, 21 जुलाई को मध्यप्रदेश से लहसुन लादकर समस्तीपुर जा रहे एक ट्रक को थाना क्षेत्र में आठ अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने घेर लिया था। अपराधियों ने हथियार के बल पर ट्रक चालक के साथ मारपीट की और उसे गंभीर हालत में सड़क किनारे छोड़ दिया। इसके बाद बदमाश लहसुन से लदा ट्रक लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने सबसे पहले लूटा गया ट्रक मुजफ्फरपुर से बरामद किया। इसके बाद पुलिस को जानकारी मिली कि ट्रक में लदा पूरा लहसुन सुपौल जिले में छिपाकर रखा गया है।

शुक्रवार को दिघवारा पुलिस की टीम ने सुपौल नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-28 स्थित खूंटी टोला में अनिल चौधरी के गोदाम पर छापेमारी की। पुलिस ने वहां से 300 बोरी लहसुन बरामद कर लिया। बरामद माल की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, गोदाम संचालक अनिल चौधरी, पिता जगरनाथ चौधरी, स्टेशन रोड सुपौल का निवासी बताया जा रहा है। वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस अब पूरे अंतरजिला गिरोह की पहचान करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि लूटे गए माल को सुपौल तक पहुंचाने और गोदाम में छिपाने में किन-किन लोगों की भूमिका थी।

सुपौल से कुणाल कुमार की रिपोर्ट