मदरसा के 2 मासूम छात्रों की संदिग्ध मौत का मामला अब ले रहा है राजनीतिक रूप, पीड़ित परिवार से मिले पप्पू यादव

सिवान के बड़हरिया मदरसा के दो मासूम छात्रों की संदिग्ध मौत का मामला अब राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में सांसद पप्पू यादव बड़हरिया पहुंचे।

सिवान : सिवान के बड़हरिया मदरसा के दो मासूम छात्रों की संदिग्ध मौत का मामला अब राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में सांसद पप्पू यादव बड़हरिया पहुंचे जहां उन्होंने दोनों मृत बच्चों के परिजनों से मुलाकात की। परिवार के सदस्यों से घटना की पूरी जानकारी ली और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। पप्पू यादव ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। 

यह पूरा मामला 23 नवंबर का है, जब मदरसे के 5 छात्र चंदा इकट्ठा करने के लिए गोपालगंज गए थे

दरअसल, यह पूरा मामला 23 नवंबर का है, जब बड़हरिया थाना क्षेत्र के तेतहली बाजार स्थित मदरसे के पांच छात्र चंदा इकट्ठा करने के लिए गोपालगंज गए थे। वापस लौटने के दौरान गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के बंगरा गांव के पास उनका ई-रिक्शा खराब हो गया। इसी दौरान कुछ छात्र पास के खेत में गन्ना तोड़ने चले गए। आरोप है कि खेत में मौजूद लोगों ने उन्हें खदेड़ा और इसी घटना के बाद दो छात्र लापता हो गए। काफी खोजबीन के बाद 25 नवंबर की शाम मोहम्मद जैद शहीदी का शव गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र के बंगरा पांडेय टोला के पास एक पोखरे से बरामद हुआ। 

26 नवंबर की सुबह दूसरे छात्र अशरफ अली का शव भी हरपुर और बंगरा के बीच चंवर में चिमनी के पास मिला

वहीं, 26 नवंबर की सुबह दूसरे छात्र अशरफ अली का शव भी हरपुर और बंगरा के बीच चंवर में चिमनी के पास मिला। दोनों बच्चों के शव मिलने के बाद परिवारों में कोहराम मच गया। इस मामले में पुलिस और एफएसएल की टीम जांच में जुटी है। तलाशी अभियान में ड्रोन और एसडीआरएफ की भी मदद ली गई। पुलिस के अनुसार, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। शुरुआती जांच में शवों पर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिलने की बात भी सामने आई है।

सिवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट