सीवान। जिले की गोरेयाकोठी थाना पुलिस ने अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ी वारदात की साजिश रच रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक चाकू, दो मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में बरामद बाइकों में से एक के लूट से जुड़े होने की भी जानकारी सामने आई है। इस पूरे मामले का खुलासा महाराजगंज एसडीपीओ अमन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।
एसडीपीओ ने बताया कि 16 जुलाई 2026 को गोरेयाकोठी थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि सिसई मीठा मोड़ से पश्चिम रामजानकी पथ पर कुछ अपराधी एकत्र होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई और वे भागने लगे। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर दो अपराधियों को मौके से दबोच लिया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा, एक चाकू, दो मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल बरामद की गईं।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान राजन कुमार राम, पिता धर्मपाल राम तथा अभिषेक कुमार उर्फ भोला, पिता अशेश्वर सिंह, दोनों निवासी बलिया टोला, थाना महाराजगंज, जिला सीवान के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गोरेयाकोठी थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और बरामद मोटरसाइकिलों के आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी हुई है।
सिवान से नागेन्द्र कुमार की रिपोर्ट