बिहार के सीवान जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। आगामी 25 नवंबर को दारौंदा प्रखंड के चिंतामनपुर स्थित विवि गिरी यूनिवर्सिटी सह ममता कॉलेज एंड हॉस्पिटल में मुख्यमंत्री का संभावित कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसको लेकर जिले में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए अधिकारियों की टीम सक्रिय हो गई है।
इसी क्रम में शनिवार को सीवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने जिले के तमाम वरीय एवं संबंधित अधिकारियों के साथ प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने परिसर के अलग-अलग हिस्सों का जायजा लेते हुए मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान कार्यक्रम स्थल की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों के आवागमन, पार्किंग, लोगों की आवाजाही और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तैयारियों के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम के सफल संचालन तक सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान एडीएम, डीडीसी, एसडीपीओ, डीएसपी, दारौंदा प्रखंड विकास पदाधिकारी शिम्पी कुमारी, अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सौरभ सुमन समेत जिले के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि 25 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित कार्यक्रम को लेकर चिंतामनपुर स्थित विवि गिरी यूनिवर्सिटी सह ममता कॉलेज एंड हॉस्पिटल चर्चा में है। डीएम और एसपी के संयुक्त निरीक्षण के बाद अब प्रशासनिक तैयारियों में और तेजी आने की उम्मीद है।
सीवान से नागेन्द्र कुमार की रिपोर्ट