दिल्ली में लाठी चार्ज के खिलाफ सिवान में प्रदर्शन, पीएम का फूंका पुतला

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 22, 2026, 10:15:00 PM

नई दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्रों पर हुए लाठी चार्ज के विरोध की गूंज सिवान तक पहुंच गई है। बुधवार को जिले के लकड़ी नवीगंज प्रखंड के मदारपुर में महागठबंधन के बैनर तले नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। 

प्रदर्शन करने वालों ने सड़क पर मार्च करते हुए छात्रों के समर्थन में नारे लगाए और घटना की कड़ी निंदा की। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना था कि छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

महागठबंधन के नेताओं ने केंद्र सरकार से घटना की निष्पक्ष जांच करने और छात्रों पर की गई कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही यह भी चेतावनी दी कि यदि छात्रों के साथ न्याय नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा 

सिवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट