पुलिस पर लगा वसूली का आरोप, मृतक के परिजनों ने कहा, 50 हजार की हुई मांग

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 16, 2026, 7:32:00 AM

सीवान जिले से अहम खबर है। यहां जिले की पुलिस पर एक युवक के परिजनों ने वसूली करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि युवक का शव देने के बदले पुलिस ने उनसे पैसे की मांग की। पहले कुछ और रूपये मांगे गये, बाद में एक राशि तय कर दी गयी। अब परिजनों द्वारा लगाये जा रहे आरोप का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि स्वराज पोस्ट इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

मिली खबर के अनुसार पूरा मामला सीवान जिले के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र का है। जहां एक मामले में पुलिस के ऊपर शव देने के बदले 50 हजार रूपये की राशि मांगी गयी। बताया जा रहा है कि लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र के निवासी और पेशे से ड्राइवर रियाज के पुत्र अली हुसैन की मंगलवार की रात अपने ही घर के कमरे में संदेहास्पद हालात में मौत हो गयी थी। अली ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बारे में मृतक के परिजनों का आरोप था कि अली की हत्या की गयी है। उन्होंने अपने स्तर पर सबूत के तौर पर मृतक के पैर के नाखून का टूटा हुआ मिलना और गले में फंदे के निशान की बात कही थी। हालांकि दबी जुबान में स्थानीय लोगों का कहना था कि पूरा मामला प्रेम प्रसंग के कारण हुआ। कहा यह भी जा रहा है कि जब तक पुलिस आती, तब तक परिजनों ने शव को फांसी के फंदे से नीचे उतार लिया था।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद अब लोगों की निगाहें जिले के आला अधिकारियों पर टिकी हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लकड़ी नबीगंज थाने में पहले भी ऐसी कई संगीन घटनाओं को दबाया जा चुका है। अब देखना यह है कि सिवान के एसपी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इस संवेदनशील मामले और पुलिस पर लगे वसूली के आरोपों पर क्या कड़ा संज्ञान लेते हैं।

सीवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट