बिहार के इस जंक्शन के एलईडी स्क्रीन पर अचानक बजा भोजपुरी गाना, रेलवे प्रशासन पर उठे सवाल, यात्री बोले- ये लापरवाही है

Siwan Junction पर शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्टेशन परिसर में लगी LED TV पर अचानक एक अश्लील भोजपुरी गाना चलने लगा

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 14, 2026, 3:59:00 PM

Siwan Junction पर शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्टेशन परिसर में लगी LED TV पर अचानक एक अश्लील भोजपुरी गाना चलने लगा। बताया जा रहा है कि यह गाना भोजपुरी सिंगर Neelkamal Singh का था, जिसके बोल थे— “फुल बा छीटआइल हमार गजरा से, खेला खेला लाली बा गजरा से…।”

उस समय प्लेटफॉर्म नंबर-1 से लेकर प्लेटफॉर्म नंबर-5 तक बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। अचानक तेज आवाज में इस तरह का गाना बजने लगा तो लोग हैरान रह गए। कई यात्रियों ने असहजता और शर्मिंदगी भी महसूस की। कुछ लोग इधर-उधर देखने लगे, तो कुछ ने तुरंत अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया।

हैरानी की बात यह रही कि करीब तीन मिनट तक गाना लगातार चलता रहा, लेकिन स्टेशन मैनेजर या ड्यूटी पर मौजूद किसी भी रेलवे अधिकारी को इसकी जानकारी नहीं थी। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में नाराजगी साफ देखी गई। लोगों का कहना था कि रेलवे स्टेशन एक सार्वजनिक स्थान है, जहां परिवार और बच्चे भी बड़ी संख्या में मौजूद रहते हैं। ऐसे में इस तरह का कंटेंट चलना बेहद आपत्तिजनक है।

कुछ यात्रियों ने अंदेशा जताया कि शायद यह किसी तरह का प्रमोशनल वीडियो था, जबकि अन्य ने इसे तकनीकी लापरवाही बताया। गाना पूरा खत्म होने के बाद ही स्क्रीन पर दोबारा सामान्य विज्ञापन चलने लगे और स्थिति सामान्य हुई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना यह है कि इस मामले में रेलवे की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है