सीतामढ़ी में हिंसक प्रदर्शन, पथराव में एसपी अमित रंजन घायल, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

सीतामढ़ी शहर में शनिवार को प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित रंजन घायल हो गए।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 26, 2026, 11:29:00 AM

सीतामढ़ी शहर में शनिवार को प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित रंजन घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस प्रशासन ने हालात को नियंत्रित करने के लिए तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया।

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने अचानक पुलिस को निशाना बनाते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान एसपी अमित रंजन पथराव की चपेट में आ गए और घायल हो गए। उन्हें तत्काल पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल और विशेष टीमों को मौके पर बुलाया गया। अतिरिक्त बल ने पूरे इलाके में मोर्चा संभालते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। उपद्रवियों की भीड़ को तितर-बितर करने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े।

हिंसक घटनाक्रम के बाद शहर के कई इलाकों में तनाव का माहौल बन गया। एहतियातन कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से लगभग एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल के वीडियो फुटेज और सीसीटीवी कैमरों की मदद से अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

प्रशासन ने आम नागरिकों और छात्रों से शांति बनाए रखने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सीतामढ़ी से सरोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट