रुन्नीसैदपुर में बड़ा नाव हादसा, बागमती नदी में पलटी नाव, 40 लोग थे सवार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 19, 2026, 4:39:00 PM

सीतामढ़ी : रुन्नीसैदपुर। प्रखंड क्षेत्र के बागमती नदी स्थित खड़का घाट पर रविवार को एक बड़ा नाव हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, क्षमता से अधिक करीब 35 से 40 यात्रियों के सवार होने के कारण नाव नदी के बीच असंतुलित होकर पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और मौजूद ग्रामीणों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि खड़का घाट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नाव के सहारे आवागमन करते हैं, लेकिन पर्याप्त क्षमता वाली सुरक्षित नाव की व्यवस्था नहीं होने से हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खड़का घाट पर बड़ी और सुरक्षित नाव की व्यवस्था की जाए तथा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

सीतामढ़ी से सरोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट