सीतामढ़ी : बिहार के सीतामढ़ी जिले से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बाजपट्टी के प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई की टीम आज यानी 19 नवंबर 2026 को उनके चार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
मोहम्मद अफजल आलम दिसंबर 2021 में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित होने के बाद बाजपट्टी के प्रखंड प्रमुख बने थे - EOU
आर्थिक अपराध इकाई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मोहम्मद अफजल आलम दिसंबर 2021 में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित होने के बाद बाजपट्टी के प्रखंड प्रमुख बने थे। आरोप है कि प्रखंड प्रमुख बनने के बाद उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए भ्रष्ट तरीके से आय से अधिक संपत्ति अर्जित की। इस मामले में आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 33/26 के तहत 18 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मुजफ्फरपुर की विशेष निगरानी अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद EOU की टीम 4 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आर्थिक अपराध इकाई की प्रारंभिक जांच में मोहम्मद अफजल आलम के पास एक करोड़ 25 लाख तीन हजार पांच सौ रुपए की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिलने की बात कही गई है। जांच एजेंसी के मुताबिक, यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 259.94 प्रतिशत अधिक है। वहीं, मुजफ्फरपुर की विशेष निगरानी अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद आर्थिक अपराध इकाई की टीम चार ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इनमें सीतामढ़ी के हरपुरवा स्थित उनका पैतृक मकान, निजी मकान, बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख का सरकारी कार्यालय और मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के मकसूदपुर स्थित निजी आवास शामिल हैं।
पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में यह कार्रवाई की जा रही है
पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में यह कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल सभी ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई जारी है। आर्थिक अपराध इकाई ने स्पष्ट किया है कि छापेमारी पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। अब देखना होगा कि इस कार्रवाई में और क्या-क्या खुलासे होते हैं।