बिहार के सीतामढ़ी से वर्दी को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कन्हौली थाना में प्रतिनियुक्त एक महिला गृहरक्षक ने थाना प्रभारी अमृत कुमार पाल पर छेड़छाड़ करने और अनुचित व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया है। महिला गृहरक्षक ने डीजीपी और एसपी को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच, सुरक्षा और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं गृहरक्षक द्वारा लगाए गए आरोप को गंभीरता से लेते हुए एसपी अमित रंजन ने मामले की जांच जिला स्तरीय समिति को सौंप दी है।
महिला गृहरक्षक ने अपने आवेदन में थाना प्रभारी अमृत कुमार पाल पर छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। कन्हौली थाना में प्रतिनियुक्त एक महिला गृहरक्षक ने थाना प्रभारी अमृत कुमार पाल पर आरोप लगाते हुए अपने आवेदन में बताया है कि 20 जुलाई की रात वह मेजरगंज थाना क्षेत्र में हुई पुलिस रेड की कार्रवाई से वापस कन्हौली थाना पहुंची थी। इसके बाद वह महिला बैरक में अपने कमरे में जाने पहुंची, लेकिन किसी कारण से कमरे का दरवाजा नहीं खुल पाया। इसी दौरान थाना प्रभारी अमृत कुमार पाल ने उसे फोन किया और पूछा कि वह बाहर क्यों खड़ी है। जब उसने दरवाजा नहीं खुलने की जानकारी दी तो थाना प्रभारी ने नीचे बने एक खाली कमरे को देखने के लिए बुलाया।
शिकायत में महिला गृहरक्षक ने आरोप लगाया कि जब वह नीचे पहुंची तो गलियारे में रोशनी थी, लेकिन कमरे के अंदर अंधेरा था। सुरक्षा के मद्देनजर उसने अपने मोबाइल की फ्लैशलाइट जला रखी थी। आरोप है कि कमरे का दरवाजा खोलते ही थाना प्रभारी ने उसकी पीठ पर हाथ रखा और मोबाइल की रोशनी बंद करने को कहा और उसका गाल खींचा। इतना ही नहीं महिला होमगार्ड से अनुचित व्यवहार किया गया। इसके बाद महिला होमगार्ड ने तत्काल इसका विरोध करते हुए कमरे के अंदर जाने से इनकार कर दिया और इसका विरोध किया। घटना के बाद वह काफी डर गई और रोने लगी। इसके बाद थाना प्रभारी वहां से चले गए।
महिला गृहरक्षक ने बताया कि घटना के बाद वह मानसिक रूप से परेशान हो गई थी। अगले दिन उसने थाना से अपना स्थानांतरण करने की मांग की। इसके बाद उसने पूरी घटना की जानकारी अपने परिवार वालों को दी। महिला ने अपनी शिकायत में कई महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है। इसमें थाना परिसर के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल, ड्यूटी रजिस्टर और संबंधित लोगों के बयान शामिल हैं। अब जांच टीम इन सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी।
वहीं महिला गृहरक्षक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन ने मामले की जांच जिला स्तरीय समिति को सौंप दी है। एसपी ने कहा है कि शिकायत प्राप्त हुई है और नियमानुसार जांच की जा रही है। समिति की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फ़िलहाल महिला सिपाही के आरोप के बाद पुलिस महकमे पर कई सवाल खड़े कर रहा है।