गंतव्य तक शव ले जाने को लेकर हुआ विवाद, डॉक्टर की क्लीनिक के गेट पर एंबुलेंस चालक को मार दिया चाकू

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jun 25, 2026, 9:12:00 PM

राज्य के सीतामढ़ी जिले से हैरान करने वाली खबर है। यहां एक एंबुलेंस के चालक को डॉक्टर की क्लीनिक के सामने ही तब चाकू मार दिया गया, जब एक शव को ले जाने को लेकर विवाद हो गया। घटना में एंबुलेस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में लगी हुई है।

मिली खबर के अनुसार शहर के रिंग बांध स्थित एक निजी क्लीनिक के बाहर गुरुवार रात शव पहुंचाने को लेकर हुए विवाद में एक एम्बुलेंस चालक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के महिसार गांव निवासी मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना रिंग बांध स्थित डॉक्टर वरुण कुमार के निजी क्लीनिक के गेट के समीप हुई। बताया जाता है कि एम्बुलेंस से शव को गंतव्य तक पहुंचाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते कहासुनी और मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान आसपास मौजूद कुछ दवा दुकानदारों ने आक्रोशित होकर एम्बुलेंस चालक मनोज कुमार पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और काफी खून बहने लगा। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों एवं अन्य एम्बुलेंस चालकों की मदद से घायल को तत्काल सीतामढ़ी सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। इधर, नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। नगर थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन अब तक किसी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सीतामढी से सरोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट